Can We Eat Curd in Winters: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शायद ही कोई ऐसा घर हो, जहां दही का सेवन न किया जाता हो. दही भारतीय खान-पान का एक अहम हिस्सा है और लोग इसे हर मौसम में खाते हैं. लेकिन सवाल यह है कि क्या दही हर मौसम और हर व्यक्ति के लिए फायदेमंद होती है? क्या रोज सुबह दही खाने से बीमारियां दूर होती हैं? सबसे अहम क्या सर्दियों में दही का सेवन करना चाहिए?
इन तमाम सवालों के जवाब वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनीश शाह ने दिए हैं. उन्होंने दही की तासीर, इसके सही समय और सही तरीके से सेवन को लेकर महत्वपूर्ण सलाह दी है. साथ ही बताया है कि किन लोगों को दही खाने से फायदा होता है और किन लोगों को इससे नुकसान भी हो सकता है. जानिए दही से जुड़ी पूरी जानकारी इस रिपोर्ट में…
गर्मी के मौसम में दही क्यों है फायदेमंद
डॉ. अनीश शाह ने लोकल 18 को बताया कि दही का सेवन मुख्य रूप से गर्मी के मौसम में अधिक लाभकारी होता है. यह शरीर को ठंडक प्रदान करता है और पाचन क्रिया को मजबूत बनाता है. गर्मियों में दही आंतों के लिए बेहद फायदेमंद होता है और पेट को स्वस्थ रखता है.
रोज दही खाना सही नहीं
डॉक्टर के अनुसार, दही का रोजाना सेवन नहीं करना चाहिए. बेहतर है कि इसे एक दिन छोड़कर सुबह के समय खाया जाए. ऐसा करने से इम्यून सिस्टम मजबूत होता है और शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है.
किन लोगों को दही से बनानी चाहिए दूरी
डॉ. शाह ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन लोगों की इम्यूनिटी कमजोर है, या जो सर्दी, खांसी, बुखार जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, उन्हें दही का सेवन नहीं करना चाहिए. दही केवल स्वस्थ और निरोग व्यक्तियों के लिए ही फायदेमंद माना जाता है.
दही खाने का सही समय क्या है जानिए…
डॉ अनीश ने स्पष्ट किया कि दही का सेवन हमेशा सुबह के समय ही करना चाहिए. शाम या रात में दही खाने से सर्दी-खांसी और गले की समस्या बढ़ सकती है, इसलिए इस समय दही से परहेज जरूरी है.
दही में मौजूद पोषक तत्व और उनके फायदे
डॉ. शाह के मुताबिक, दही में जिंक, कैल्शियम जैसे जरूरी माइक्रोन्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाते हैं. इसके अलावा इसमें विटामिन C और विटामिन E भी मौजूद होते हैं, जो एंटी-एजिंग में मदद करते हैं,त्वचा को मॉइस्चराइज रखते हैं और पाचन तंत्र को बेहतर बनाते हैं.
एसिडिटी वालों के लिए दही नहीं, छाछ है बेहतर
जिन लोगों को एसिडिटी या गैस की समस्या रहती है, उन्हें दही की जगह छाछ का सेवन करना चाहिए. छाछ पाचन के लिए बेहद फायदेमंद होती है, प्रोटीन से भरपूर होती है और शरीर को ऊर्जा व मजबूती प्रदान करती है.
सर्दियों में दही को लेकर बरतें खास सावधानी
डॉ. शाह ने बताया कि सर्दियों में दही बीमारी को ठीक नहीं करता, बल्कि केवल इम्यून सिस्टम को सपोर्ट करता है. अगर पहले से सर्दी-खांसी या कोई बीमारी है, तो सर्दियों में दही का सेवन नहीं करना चाहिए.
दही-चावल से मिलती है ऊर्जा
उन्होंने बताया कि सर्दियों में थकावट महसूस होने पर कई लोग दही-चावल खाते हैं, जो परंपरागत रूप से ऊर्जा देता है और शरीर में हल्की गर्माहट भी पैदा करता है. हालांकि, इसका सेवन भी केवल सुबह के समय और ताजे दही के साथ ही करना चाहिए.
खट्टी या पुरानी दही बन सकती है बीमारी की वजह
डॉ. शाह ने चेताया कि खट्टा या पुराना दही गले में खराश और खांसी की समस्या बढ़ा सकता है. इसलिए ऐसे दही से परहेज जरूरी है. ताजा दही ही स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है.
.