विदिशा जिले में आगामी नवरात्रि, दशहरा, दीपावली और गुरुनानक जयंती जैसे बड़े त्योहारों को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बरतना शुरू कर दिया है। त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक का आयोजन किया ग
.
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने कहा कि विदिशा में हमेशा से त्योहार मिल-जुलकर मनाने की परंपरा रही है। यह परंपरा कायम रहे, इसके लिए सभी नागरिकों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल उत्सव नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे का प्रतीक हैं। ऐसे में सभी नागरिकों से अपेक्षा है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन करें और प्रशासन का पूरा सहयोग करें।
पंडाल से यातायात बाधित न हो
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पंडाल निर्माण, मूर्ति स्थापना और चल समारोह के दौरान शासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों का पालन किया जाए। पंडाल इस प्रकार बनाए जाएं, जिससे यातायात बाधित न हो और भीड़भाड़ की स्थिति न बने।
मूर्ति विसर्जन न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जहां चल समारोह निकलने हैं, वहां रास्ते में कोई अव्यवस्था न हो और एम्बुलेंस को प्राथमिकता से रास्ता दिया जाए। जर्जर भवनों और छज्जों को पहले ही हटाने की कार्रवाई की जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका समाप्त हो।

गोताखोरों और होमगार्ड की तैनाती के निर्देश
बैठक में यह भी तय किया गया कि त्योहारों के दौरान स्वच्छता, पेयजल, बिजली आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाएं, यातायात और घाटों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। विशेष स्नान पर्वों पर गोताखोरों और होमगार्ड की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।
एसपी ने कहा कि विदिशा में हमेशा से त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाते रहे हैं, और इस परंपरा को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने आयोजक समितियों से आग्रह किया कि वे सुरक्षा व्यवस्था में भागीदार बनें। समितियों को अपने सदस्यों के परिचय पत्र जारी करने होंगे और झांकियों एवं प्रतिमा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा।
एसपी ने गरबा स्थलों पर अशोभनीय गीतों को न बजाने की हिदायत दी और कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग तय सीमा और समय के भीतर ही किया जाए।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह में न आएं और मिलकर शांति व सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि विदिशा को पूरे प्रदेश में आपसी भाईचारे और बेहतर प्रशासनिक समन्वय का उदाहरण बनाना है।
.