भोपाल. मध्य प्रदेश में मौसम फिर करवट ले सकता है. कई हिस्सों में बारिश के आसार जताए जा रहे हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है. IMD भोपाल ने 18 और 19 फरवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का अलर्ट है. इससे पहले दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र खासकर ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग के करीब 8 जिलों में 18 और 19 फरवरी को बारिश हो सकती है. इन जिलों में ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर शामिल हैं. इसके साथ ही इन जिलों और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने की भी संभावना है.
मध्य प्रदेश में अगर IMD के अनुमान के मुताबिक बारिश होती है, तो यह फरवरी महीने में तीसरा मौका होगा, जब प्रदेश में बारिश का दौर आएगा. इससे पहले फरवरी महीने की शुरुआत में ही ओले, बारिश और तेज हवा से प्रदेश के कई जिलों में फसलों को नुकसान हुआ था. इसके बाद सरकार ने प्रभावित फसलों का सर्वे भी कराया था. फिलहाल आज (रविवार) ठंड में हल्का इजाफा देखने को मिलेगा.
एमपी में न्यूनतम तापमान वाले शहरों की बात करें, तो बीते 24 घंटे में पचमढ़ी सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया है, जहां तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है. वहीं कटनी के करौंदी में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस, चित्रकूट में 10.2 डिग्री सेल्सियस और कल्याणपुर में तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है.
अभी भी एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
मौसम विभाग के एक्सपर्ट का कहना है कि अभी भी एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है लेकिन उसका असर फिलहाल पहाड़ी राज्यों तक ही सीमित है, जहां बर्फबारी हो रही है. मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं हल्के बादल जरूर नजर आ रहे हैं. इसी बीच 16 फरवरी से एक नया सिस्टम उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिसका असर एमपी में भी दिख सकता है, जिसके बाद ठंड बढ़ेगी.
सुबह और रात में महसूस हो रही ठंड
प्रदेश में अभी हल्की सर्दी का दौर जारी है, जहां सुबह और रात के समय ठंड महसूस हो रही है लेकिन आने वाले दिनों में ज्यादातर शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही रहेगा. दिन में तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है.
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
एमपी में 16 फरवरी को कुछ जिलों में हल्का कोहरा छा सकता है. इस बीच बारिश का कोई अलर्ट नहीं है लेकिन दिन में बादल छा सकते हैं. 17 फरवरी को भी हल्का कोहरा छा सकता है लेकिन इस दिन भी बारिश की संभावना नहीं है, पर बादलों की आवाजाही जारी रहेगी. कुल मिलाकर फरवरी के मध्य में मौसम करवट ले सकता है. तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ कुछ जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है.
.