बालाघाट जिले के लालबर्रा में स्वास्थ्य विभाग ने बिना पंजीयन संचालित हो रहे शिवशक्ति दवाखाना को सील कर दिया है। यह कार्रवाई नियमों के उल्लंघन और अवैध रूप से रोगियों को भर्ती कर उपचार करने की शिकायत के बाद की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को शिकायत मिली थी कि लालबर्रा स्थित शिवशक्ति दवाखाना में अवैध रूप से मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। इस शिकायत के आधार पर सीएमएचओ के निर्देश पर जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. रित्विक पटेल ने दवाखाना का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्लीनिक में संजय बिसेन मौजूद थे। जांच दल को दवाखाना भवन का किराया अनुबंध पत्र नहीं मिला। क्लीनिक के प्रथम कक्ष में रोगी पंजीयन कक्ष, द्वितीय कक्ष में चिकित्सकीय परामर्श कक्ष और तृतीय कक्ष में तीन बिस्तर लगे हुए पाए गए। परिसर में किसी भी चिकित्सक की शैक्षणिक योग्यता या पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदर्शित नहीं था। जांच दल को रोगियों के उपचार या भर्ती के लिए किसी प्रकार की वैधानिक अनुमति से संबंधित कोई दस्तावेज भी नहीं मिले। नियमों के विरुद्ध क्लीनिक का संचालन पाए जाने पर जांच दल ने दवाखाना को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया। सीएमएचओ ने दवाखाना की संचालिका डॉ. उमा बिसेन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे सात दिवस के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर लिखित जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। .