नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में आज से दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन शुरू हो रहा है। यह आयोजन हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस का होगा। सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत भी शामिल होंगे। उनके अलावा देश के विभिन्न राज्यों से 25 से ज्यादा हाईकोर्ट के जज भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रित न्यायपालिका पर मंथन किया जाएगा। सीजेआई बनने के बाद जस्टिस सूर्यकांत का यह मप्र का पहला दौरा है। लंबे समय बाद एक साथ इतने बड़े स्तर पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस भोपाल में जुट रहे हैं। सम्मेलन की थीम- ‘एकीकृत, कुशल और जन-केंद्रित न्यायपालिका’ रखी गई है। इसी विषय पर सीजेआई सूर्यकांत देशभर के जजों को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के साथ न्याय व्यवस्था को आम लोगों के लिए अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने को लेकर मंथन किया जाएगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी करेंगे अगवानी चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत के भोपाल प्रवास के दौरान उनकी अगवानी और नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में उनके पहुंचने तक की सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रदेश के आला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के जिम्मे है। सीजेआई से भोपाल प्रवास के दौरान सीनियर एडवोकेट्स भी मुलाकात कर सकते हैं। .