MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
आज इंदौर दौरे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव 29 मार्च को इंदौर दौरे पर रहेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. मुख्यमंत्री सुबह 10:15 बजे भोपाल से इंदौर के लिए रवाना होंगे और 10:40 बजे देवी अहिल्या बाई होलकर विमानतल के टर्मिनल-1 के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद 11:00 बजे विधानसभा 1 के सम्राट अशोक मंडल में “मन की बात” सुनेंगे और 11:40 बजे स्कीम नं. 78 में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे. दोपहर 12:25 बजे वे दशहरा मैदान में “संकल्प से समाधान शिविर” में शामिल होंगे, इसके बाद 2:15 बजे सिहासा आईटी पार्क में इन्क्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण करेंगे. 3:20 बजे बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और शाम 4:10 बजे गोम्मट गिरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. उनके इंदौर दौरे का समापन शाम 5:35 बजे भोपाल वापसी के साथ होगा.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज सूरजपुर और बिलासपुर दौरा
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सूरजपुर और बिलासपुर का दौरा करेंगे. सुबह 11 बजे वे सीएम हाउस में “मन की बात”** कार्यक्रम सुनेंगे और दोपहर 1 बजे रायपुर से सूरजपुर के लिए रवाना होंगे. दोपहर 3 बजे वे भक्त माता कर्मा का पूजन और माल्यार्पण करेंगे, इसके बाद 3.30 बजे प्रदेश स्तरीय भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव में शामिल होंगे. शाम 5 बजे सूरजपुर से बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और 5.30 बजे अटल परिसर में विकास कार्यों की सौगात देंगे. कुछ समय न्यू सर्किट हाउस में विश्राम के बाद 7.40 बजे वे राजा रघुराज सिंह स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां स्व. लखीराम अग्रवाल टी20 ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में अतिथि के रूप में शामिल होंगे. रात 8 बजे नाइट लैंडिंग और डिपार्चर शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लेंगे और रात 9.45 बजे बिलासपुर से रायपुर लौटेंगे.
रायपुर में भाजपा 6 अप्रैल को 47वां स्थापना दिवस मनाएगी
रायपुर में आगामी 6 अप्रैल को भाजपा अपना 47वां स्थापना दिवस मनाएगी. देशभर के साथ छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. आयोजन की रूपरेखा और संचालन के लिए प्रदेश स्तरीय समिति गठित की गई है, जिसका संयोजन यशवंत जैन करेंगे. समिति में रंजना साहू, जी वेंकटराव, शिवनाथ यादव, ऋतु चौरसिया और कमल गर्ग सदस्य हैं. स्थापना दिवस का पखवाड़ा 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें बूथ, मंडल और जिला स्तर पर आयोजन होंगे. समिति कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करेगी और गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संभालेगी. साथ ही रायपुर में लैब अटेंडेंट भर्ती की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी किया गया है. काउंसलिंग प्रक्रिया 1 और 2 अप्रैल को नवा रायपुर के इंद्रावती भवन में ब्लॉक-3 में आयोजित होगी, जो सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी. कुल 430 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है और प्रक्रिया मेरिट लिस्ट के आधार पर चार शिफ्ट में होगी. काउंसलिंग में अभ्यर्थियों को अपनी पोस्टिंग चुनने का अवसर भी मिलेगा.
उज्जैन में वृद्धा से लाखों की ठगी, तंत्र-मंत्र के झांसे में फंसी महिला
उज्जैन में शुक्रवार शाम एक चौंकाने वाली ठगी की घटना सामने आई, जिसमें तीन शातिर बदमाशों ने एक वृद्ध महिला राजू देवी को झांसे में लेकर लाखों रुपए के गहने ठग लिए. ढांचाभवन इलाके में हद्येश्वर महादेव मंदिर दर्शन के लिए जा रही महिला से रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने डॉक्टर का पता पूछा और बातचीत के दौरान पानी मांगा. इसी बीच एक युवक ने खुद को तंत्र-मंत्र जानने वाला बताया और महिला को डराया कि उनके बच्चों पर संकट है और उनके गहनों पर बुरा साया है. झांसे में आकर महिला ने अपनी सोने की चेन और कान के टॉप्स दे दिए. ठगों ने गहनों को रूमाल में बांधकर लौटाने का नाटक किया, जबकि तीसरा युवक भी उसी बहाने वहां आया. इसके बाद बदमाशों ने महिला को एक बोतल से पानी पिलाया, जिसे गंगा जल बताया गया और महिला बेहोश हो गई. होश आने पर देखा कि तीनों बाइक से फरार हो चुके थे. ठगे गए गहनों की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपए बताई जा रही है. देवासगेट पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आसपास के सीसीटीवी कैमरे बंद होने के कारण आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला. पुलिस अब अन्य कैमरों की जांच कर रही है. शनिवार को मामले की पुष्टि के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है. राजू देवी ने बताया कि डर के कारण उन्होंने गहने दे दिए और इसके बाद कुछ याद नहीं रहा. CSP दीपिका शिंदे ने कहा कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है.
भिंड- स्कॉटलैंड से 22 दिन बाद लौटा छात्र संस्कार श्रीवास्तव का शव
भिंड में रहने वाले छात्र संस्कार श्रीवास्तव का शव 22 दिन बाद स्कॉटलैंड से भारत लाया गया. इकलौते बेटे का शव देखकर माता-पिता गहरे सदमे में हैं और पूरे इलाके में शोक की लहर है. देर रात ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया, जहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं. संस्कार करीब 6 महीने पहले University of Stirling में फॉरेंसिक साइंस की पढ़ाई के लिए गए थे. उन्होंने आखिरी बार अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात की थी और जल्द भारत लौटने की बात कही थी. परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है- पिता किसान हैं, जिन्होंने करीब 40 लाख रुपये का कर्ज लेकर बेटे को विदेश पढ़ने भेजा था. विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इसे आत्महत्या बताया है, लेकिन परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं. इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के परिवार से न मिलने को लेकर भी नाराजगी देखी गई.
.