Last Updated:
Chia Seeds Side Effects: आजकल चिया सीड्स हेल्दी फूड की लिस्ट में सबसे ऊपर गिने जाते हैं. छोटे-छोटे ये बीज पोषण से भरपूर होते हैं और इन्हें सुपरफूड कहा जाता है. इनमें फाइबर, मिनरल्स प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. यही वजह है कि लोग वजन घटाने से लेकर डायबिटीज कंट्रोल तक के लिए चिया सीड्स को अपनी डाइट में शामिल करते हैं. लेकिन कुछ लोगों के लिए इसका सेवन नुकसानदायक हो सकता है. आइए जानते हैं किस कंडीशन में इसका सेवन करने से बचना चाहिए.
सबसे पहले बात करते हैं ब्लड प्रेशर और ब्लड थिनर दवाएं लेने वालों की. चिया सीड्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड की मात्रा ज्यादा होती है, जो खून को पतला करने का काम करता है, अगर कोई व्यक्ति पहले से ही ब्लड थिनिंग मेडिसिन या हाई ब्लड प्रेशर की दवाएं ले रहा है, तो ज्यादा चिया सीड्स खाने से शरीर में ब्लीडिंग या लो ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है.

दूसरे, एलर्जी की प्रवृत्ति वाले लोगों को भी इससे बचना चाहिए. कई बार बीज और नट्स से एलर्जी होती है. ऐसे लोगों को चिया सीड्स खाने से स्किन पर खुजली, लाल चकत्ते या सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं हो सकती है. इसलिए अगर किसी को बीजों से एलर्जी है तो चिया सीड्स का सेवन बिल्कुल न करे.

तीसरे, पाचन संबंधी दिक्कत वाले लोगों के लिए भी चिया सीड्स समस्या खड़ी कर सकते है. इनमें फाइबर काफी अधिक होता है, जिससे कब्ज, पेट दर्द या गैस बनने की समस्या हो सकती है. खासकर जिन्हें पहले से पेट की समस्या रहती है, उन्हें सीमित मात्रा में ही इसका सेवन करना चाहिए.

चौथे, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को भी डॉक्टर की सलाह के बिना चिया सीड्स नहीं खाने चाहिए. इस दौरान शरीर की जरूरतें अलग होती है और किसी भी नई चीज को बिना परामर्श के शामिल करना सुरक्षित नहीं माना जाता.

कुल मिलाकर, चिया सीड्स बेहद पौष्टिक है, लेकिन हर किसी के लिए नहीं। सही मात्रा में और सही स्थिति में सेवन करने पर यह फायदेमंद हैं, लेकिन अगर आप ऊपर बताई गई किसी भी श्रेणी में आते हैं तो इन्हें खाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.