Last Updated:
आजकल फिट और शार्प जॉ-लाइन पाने की चाह में लोग तरह-तरह के ट्रेंड फॉलो कर रहे हैं. इन्हीं में से एक है रोज च्युइंग गम चबाना, जिसे फेस एक्सरसाइज की तरह प्रमोट किया जा रहा है. सोशल मीडिया पर दावा किया जाता है कि इससे जबड़ा मजबूत होता है और जॉ-लाइन उभरकर दिखने लगती है. लेकिन क्या यह दावा सच है या इसके पीछे सेहत से जुड़े नुकसान छिपे हैं, यह जानना बेहद जरूरी है.
च्युइंग गम चबाने से चेहरे की मासेटर मसल्स जरूर एक्टिव होती हैं, लेकिन इससे फेस फैट कम नहीं होता. जॉ-लाइन शार्प दिखने का मुख्य कारण बॉडी फैट कम होना, जेनेटिक्स और स्किन इलास्टिसिटी होती है. केवल गम चबाने से जॉ-लाइन स्थायी रूप से उभरने का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है.

लगातार गम चबाने से टेम्पोरोमैंडिबुलर जॉइंट पर दबाव पड़ता है. इससे जबड़े में दर्द, जकड़न, क्लिकिंग साउंड और मुंह खोलने-बंद करने में परेशानी हो सकती है. जिन लोगों को पहले से जॉ पेन या ब्रक्सिज्म की समस्या है, उनके लिए यह आदत नुकसानदायक हो सकती है.

जरूरत से ज्यादा गम चबाने से मासेटर मसल्स मोटी हो सकती हैं. इससे चेहरा स्लिम दिखने की बजाय चौड़ा और भारी नजर आ सकता है. कई मामलों में लोग जॉ-लाइन शार्प करने के लिए गम चबाते हैं, लेकिन उल्टा फेस शेप बिगड़ सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

गम चबाने से शरीर को लगता है कि खाना आने वाला है, जिससे पेट में एसिड बनता है. लंबे समय तक खाली पेट गम चबाने से एसिडिटी, गैस, ब्लोटिंग और सीने में जलन की समस्या हो सकती है. हवा निगलने से पेट फूलने की शिकायत भी आम है.

शुगर वाली च्युइंग गम दांतों में कैविटी, प्लाक और सड़न का कारण बनती है. वहीं शुगर-फ्री गम में मौजूद सोर्बिटोल और अन्य स्वीटनर्स ज्यादा मात्रा में लेने से दांतों की एनामेल कमजोर हो सकती है और मसूड़ों में इरिटेशन हो सकता है.

लगातार जबड़े की मसल्स को एक्टिव रखने से टेंशन हेडेक और माइग्रेन की संभावना बढ़ जाती है. कुछ स्टडीज के अनुसार, लंबे समय तक गम चबाने वालों में सिरदर्द की शिकायत ज्यादा देखी गई है, खासकर उन लोगों में जो पहले से माइग्रेन से पीड़ित होते हैं.

शुगर-फ्री गम में मौजूद सोर्बिटोल और एस्पार्टेम अधिक मात्रा में लेने से दस्त, पेट दर्द और आंतों में गड़बड़ी हो सकती है. ये स्वीटनर्स पूरी तरह से पचते नहीं हैं, जिससे पेट से जुड़ी दिक्कतें बढ़ सकती हैं.

जॉ-लाइन को उभारने के लिए संतुलित डाइट, नमक और शुगर कम करना, पर्याप्त पानी पीना, ओवरऑल फैट लॉस और सही फेस एक्सरसाइज ज्यादा असरदार होते हैं. च्युइंग गम को फेस शेप सुधारने का उपाय मानने से पहले इसके साइड इफेक्ट्स जरूर समझने चाहिए.