Last Updated:
Sugarcane Health Benefits: गर्मी आते ही गन्ने का जूस हर जगह नजर आने लगता है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि गन्ना चबाना ज्यादा फायदेमंद है या जूस पीना. कोई कहता है जूस तुरंत ताकत देता है, तो कोई चबाने को बेहतर मानता है. अगर आप भी इसी कंफ्यूजन में रहते हैं तो यहां जानिए कि किस तरीके से शरीर को ज्यादा फायदा मिलता है और कब क्या लेना चाहिए.
गन्ना सिर्फ मीठा ही नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होता है. इसमें नेचुरल शुगर, मिनरल्स और विटामिन्स होते हैं, जो शरीर को तुरंत ताकत देते हैं. गर्मियों में तो इसका सेवन और भी जरूरी माना जाता है. क्योंकि ये शरीर को ठंडक देता है. चाहे आप इसे चबाकर खाएं या जूस बनाकर पिएं. दोनों ही तरीके से शरीर को फायदा मिलता है और थकान जल्दी दूर हो जाती है.
अगर आप गन्ना चबाकर खाते हैं तो आपको फाइबर भरपूर मात्रा में मिलता है. इससे पाचन तंत्र मजबूत होता है और कब्ज जैसी दिक्कतें दूर रहती हैं. साथ ही गन्ना चबाने से मुंह और दांतों की एक्सरसाइज भी हो जाती है, जिससे मसूड़े मजबूत बनते हैं, जो लोग पेट की समस्या से परेशान रहते हैं, उनके लिए गन्ना चबाना एक आसान और देसी उपाय माना जाता है.
गन्ने का जूस पीते ही शरीर को तुरंत एनर्जी मिलती है. खासकर गर्मी के मौसम में ये काफी राहत देता है, जब शरीर थका हुआ हो या कमजोरी लगे, तब एक गिलास गन्ने का जूस आपको तरोताजा कर देता है. इसमें मौजूद ग्लूकोज तेजी से शरीर में पहुंचते हैं, जिससे आपको तुरंत ताकत मिलती है और चक्कर या थकान जैसी परेशानी दूर होती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पाचन की बात करें तो गन्ना चबाना थोड़ा ज्यादा फायदेमंद माना जाता है, इसमें मौजूद फाइबर धीरे-धीरे पचते हैं और पेट को साफ रखने में मदद करते हैं. वहीं जूस में फाइबर कम हो जाता है, जिससे उसका असर थोड़ा कम हो सकता है. इसलिए अगर आपका पेट अक्सर खराब रहता है, तो गन्ना चबाना आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है.
गन्ना और उसका जूस दोनों ही शरीर से गंदगी यानी टॉक्सिन्स निकालने में मदद करते हैं. खासकर गन्ने का जूस लिवर के लिए अच्छा माना जाता है और शरीर को अंदर से साफ करता है. अगर आप जल्दी डिटॉक्स करना चाहते हैं, तो जूस पीना ज्यादा असर दिखाता है. ये शरीर को हल्का महसूस कराता है और स्किन पर भी अच्छा असर डालता है.
गन्ना चबाने से दांतों की सफाई भी हो जाती है और मसूड़े मजबूत होते हैं. ये एक तरह से नेचुरल ब्रश की तरह काम करता है. वहीं जूस पीने से ऐसा फायदा नहीं मिल पाता. इसलिए जिन लोगों को दांतों या मसूड़ों की समस्या रहती है. उनके लिए गन्ना चबाना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है और मुंह की हेल्थ भी बेहतर रहती है.
गन्ना और उसका जूस दोनों ही शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं. इसमें विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो शरीर को बीमारियों से लड़ने की ताकत देते हैं. अगर आप नियमित रूप से इसका सेवन करते हैं, तो सर्दी-खांसी जैसी छोटी बीमारियां जल्दी नहीं होतीं और शरीर अंदर से मजबूत बना रहता है.
अब सवाल ये है कि गन्ना चबाएं या जूस पिएं, तो इसका जवाब आपकी जरूरत पर निर्भर करता है. अगर आप लंबे समय तक एनर्जी और पाचन सुधार चाहते हैं, तो गन्ना चबाना बेहतर है. वहीं अगर तुरंत ताजगी और ठंडक चाहिए तो गन्ने का जूस बढ़िया ऑप्शन है. दोनों ही तरीके अपने-अपने फायदे देते हैं. बस सही समय पर सही चुनाव करना जरूरी है.