केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार को रतलाम में बड़ी कार्रवाई करते हुए CGST विभाग के सहायक आयुक्त शंकर परमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उनके साथ एक निजी व्यक्ति सुरेश मनसुखानी को भी आरोपी बनाया गया है। यह कार्रवाई CGST कार्यालय में की गई, जहां दिनभर चली जांच के बाद देर रात मामला सामने आया। कार्रवाई रोकने पांच लाख मांगे थे
CBI को मिली शिकायत में आरोप लगाया गया था कि GST से संबंधित कार्रवाई रोकने के बदले 5 लाख रुपए की मांग की गई थी। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद एजेंसी ने ट्रैप प्लान तैयार किया। योजना के तहत CBI टीम ने जाल बिछाया और 1.5 लाख रुपए की रिश्वत लेते समय शंकर परमार को मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पूरे कार्यालय को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और किसी भी व्यक्ति के आने-जाने पर रोक लगा दी गई। सूत्र- दोपहर से रात तक पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, दोपहर से ही CBI टीम कार्यालय में मौजूद रही और देर रात तक पूछताछ व जांच जारी रही। अधिकारियों ने बाहर से आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। कार्रवाई के दौरान टीम भोपाल से पहुंची थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी भी ली जा रही है। जांच एजेंसी अब इस मामले में अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। .