अटल बस्ती में 25 लाख से बनी सीसी रोड: नपा अध्यक्ष ने किया निरीक्षण, बोलीं- अब पट्टे देकर पक्के मकान बनवाएंगे – Neemuch News


नीमच के किलेश्वर मंदिर रोड स्थित अटल बस्ती की सूरत अब बदलने लगी है। नगर पालिका ने यहां सालों से फैली कीचड़ और गंदगी की समस्या को खत्म करते हुए लगभग 25.50 लाख की लागत से 480 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण करा दिया है। रविवार को नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने पार्षदों के साथ मिलकर नई बनी सड़क का जायजा लिया। उन्होंने ठेकेदार को सख्त हिदायत दी कि सड़क की क्वालिटी में कोई कमी नहीं होनी चाहिए, वरना कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बस्ती की हालत देख भावुक हुईं अध्यक्ष निरीक्षण के दौरान स्वाति चोपड़ा पुरानी यादें साझा करते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि जब वह पहली बार यहां आई थीं, तो बच्चों को कीचड़ में खेलते देख उन्हें बहुत दुख हुआ था। तभी उन्होंने ठान लिया था कि इस बस्ती का विकास करना ही है। अब यहां न सिर्फ सड़कें बन गई हैं, बल्कि 700 मीटर लंबी नाली का काम भी चल रहा है। पक्के मकान और पट्टों की जगी उम्मीद बस्ती के लोगों ने पानी और बिजली की समस्या भी बताई, जिस पर अध्यक्ष ने जल्द समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही पात्र परिवारों को जमीन के पट्टे दिए जाएंगे। इन पट्टों की मदद से लोग प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ ले सकेंगे। अब झुग्गी-झोपड़ियों की जगह लोग अपने पक्के मकानों में सम्मान के साथ रह पाएंगे। अध्यक्ष ने साफ किया कि अटल बस्ती की तरह शहर की अन्य पिछड़ी बस्तियों में भी इसी तरह बारी-बारी से विकास कार्य किए जाएंगे ताकि कोई भी इलाका सुविधाओं से पीछे न रहे। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *