Last Updated:
जबलपुर-बरेला मार्ग पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे भोजन कर रहे मजदूरों को कुचल दिया. हादसे में पांच महिला मजदूरों की इलाज के दौरान मौत हो गई. एक दर्जन से अधिक महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं. पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है.
जबलपुर. बरेला हाईवे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया. तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठकर भोजन कर रहे मजदूरों के समूह को कुचल दिया. इस हिट एंड रन घटना में अब तक पांच महिला मजदूरों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से अधिक महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया. सभी घायल महिलाएं मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालने वाली थीं, जो दोपहर के भोजन के लिए सड़क किनारे बैठी थीं.
यह हादसा बरेला थाना क्षेत्र के एकता चौक के पास जबलपुर-बरेला मार्ग पर हुआ. मजदूर जबलपुर-मंडला रोड स्थित सिग्मा सिटी के सामने हाईवे पर लगी लोहे की ग्रिल पर पेंटिंग का काम कर रहे थे. दोपहर करीब 2 बजे काम रोककर महिलाएं सड़क किनारे बैठकर खाना खा रही थीं. तभी बरेला से जबलपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने नियंत्रण खोते हुए मजदूरों को रौंद दिया. टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया. घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया.
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी. चालक ने न तो ब्रेक लगाया और न ही नियंत्रण की कोशिश की. मजदूरों का समूह सड़क किनारे बैठा था, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला. हादसे के बाद कार चालक जबलपुर की दिशा में भाग निकला.
5 महिलाओं की मौत, कई की हालत गंभीर
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान पांच महिला मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है. मृतक महिलाएं सभी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं.
मृतक महिलाओं के नाम
- चैनवती
- लच्छो बाई
- कृष्णा बाई
- गोमती बाई
- वर्षा बाई
घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल महिलाओं का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है.
प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय मेडिकल कॉलेज पहुंचे. अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला ने बताया कि हादसा करने वाली सफेद रंग की बिना नंबर की कार की तलाश की जा रही है.
सीसीटीवी फुटेज से तलाश
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें
.