Last Updated:
कनाडा में 57 वर्षीय सिख अवतार सिंह का दिनदहाड़े गुरुद्वारे के बाहर से अपहरण कर लिया गया. तीन दिन बाद उनका शव लेक इलाके के पास मिला. पुलिस का कहना है कि यह गलत पहचान का मामला हो सकता है. हाल ही में वह तीन बच्चों के पिता बने थे.
अवतार सिंह हाल ही में पिता बने थे. (Credit- Gofund me)
ओटावा: कनाडा में एक सिख व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने भारतीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है. हाल ही में तीन बच्चों के पिता बने 57 वर्षीय अवतार सिंह का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया और कुछ दिनों बाद उनका शव दूर जंगल इलाके में मिला. पुलिस का कहना है कि यह गलत पहचान का मामला हो सकता है. घटना पिछले मंगलवार दोपहर की है. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक अवतार सिंह एक गुरुद्वारे के बाहर मौजूद थे, तभी अचानक एक SUV वहां आकर रुकी. चंद सेकंड में तीन लोग बाहर निकले और उन्हें जबरन गाड़ी में धकेल दिया.
तीनों बच्चे घर पर रह गए अकेले
आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले गाड़ी तेजी से निकल गई. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. शाम तक जब अवतार सिंह घर नहीं लौटे तो उनकी पत्नी को चिंता हुई. वह काम से लौटीं तो देखा कि उनके छोटे-छोटे बच्चे घर पर अकेले हैं और पिता का कोई पता नहीं. रात करीब 9 बजे पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. तीन दिन बाद, शहर से करीब दो घंटे दूर लेक इलाके के पास एक शव बरामद हुआ. बाद में पुलिस ने पुष्टि की कि वह शव अवतार सिंह का ही है. इस खबर से परिवार और सिख समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई.
पुलिस ने बताई गलत पहचान की थ्योरी
पुलिस जांच में सामने आया है कि अवतार सिंह असल निशाना नहीं थे. अधिकारियों का मानना है कि हमलावर किसी और को ढूंढ रहे थे, लेकिन गलत पहचान के कारण उन्हें उठा लिया गया. हालांकि अभी तक न तो आरोपियों की पहचान सार्वजनिक की गई है और न ही हत्या की असली वजह सामने आई है. अवतार सिंह पिछले 23 साल से गुरुद्वारे में सेवा कर रहे थे. वह मुख्य रसोइए थे और समुदाय में बेहद सम्मानित माने जाते थे.
कुछ ही समय पहले बने थे पिता
कुछ ही महीने पहले उनके घर तीन बच्चों का जन्म हुआ था. बच्चे समय से पहले पैदा हुए थे और लंबे समय तक अस्पताल में रहे थे. जब वे घर लौटे थे, तो पूरे समुदाय ने जश्न मनाया था. अब वही घर मातम में डूबा है. स्थानीय सिख संगत ने इस घटना को बेहद दुखद बताया है. परिवार की मदद के लिए चंदा जुटाने की पहल शुरू की गई है. समुदाय का कहना है कि अवतार सिंह शांत, मेहनती और सेवा भाव वाले इंसान थे, जिनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी.
About the Author
योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें
.