Last Updated:
Spinach and Kidney Stones: पालक बेहद पौष्टिक सब्जी होती है और यह सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो पालक का सीमित मात्रा में सेवन करने से गजब के फायदे मिल सकते हैं. हालांकि पालक का नियमित सेवन करने से किडनी स्टोन की समस्या हो सकती है. दरअसल पालक में ऑक्सलेट की मात्रा ज्यादा होती है. जिन लोगों को पहले से किडनी स्टोन या किडनी की बीमारी है, उन्हें इससे परहेज करना चाहिए.
Can Spinach Trigger Kidney Stones: अक्सर कहा जाता है कि हेल्दी रहने के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां खानी चाहिए. हरी पत्तेदार सब्जियों में पालक का नाम सबसे पहले आता है. पालक में कैल्शियम, आयरन, फाइबर, विटामिन A, विटामिन C और विटामिन K समेत अनगिनत पोषक तत्व होते हैं. यही वजह है कि कई लोग पालक को नियमित रूप से खाते हैं. हालांकि पालक को लेकर यह सवाल भी उठता है कि इसका सेवन करने से किडनी स्टोन बन सकता है. कई लोग इसे फैक्ट मानते हैं, जबकि कुछ लोग इसे सिर्फ गलतफहमी बताते हैं. अब सवाल है कि क्या वाकई पालक खाने से किडनी स्टोन हो सकता है?
यूपी के गाजियाबाद स्थित रंजना न्यूट्रीग्लो क्लीनिक की डाइटिशियन रंजना सिंह ने News18 को बताया कि पालक एक बेहद फायदेमंद सब्जी है, लेकिन पालक में ऑक्सलेट की मात्रा ज्यादा होती है. इसकी वजह से कई लोगों को किडनी स्टोन की समस्या हो जाती है. पालक किडनी के लिए हानिकारक नहीं है, लेकिन इसका सेवन रोज नहीं करना चाहिए. सप्ताह में एक दो बार पालक खाने से शरीर को गजब के फायदे मिल सकते हैं. हर किसी को पालक खाने से किडनी स्टोन नहीं बनता है. जिन लोगों के शरीर में पहले से ऑक्सलेट सेंसिटिविटी हो, पानी कम पिया जाता हो या शरीर में कैल्शियम और ऑक्सलेट का संतुलन बिगड़ा हुआ हो, तब यह समस्या जरूरी हो सकती है. यह कनेक्शन पालक ही नहीं, बल्कि बथुआ और मेथी के साथ भी है.
ऐसे लोगों को नहीं खाना चाहिए पालक
डाइटिशियन ने बताया कि किडनी स्टोन या क्रॉनिक किडनी डिजीज से जूझ रहे लोगों को पालक से परहेज करना चाहिए. सिर्फ पालक ही नहीं, बल्कि ऐसे मरीजों को हाई ऑक्सलेट फूड्स का सेवन सावधानी से करना चाहिए. ऐसी स्थिति में पालक का ज्यादा सेवन करने से किडनी पर दबाव बढ़ सकता है और स्टोन का रिस्क बढ़ जाता है. डॉक्टर अक्सर किडनी स्टोन के मरीजों को पालक, चुकंदर, मेथी, बादाम और चाय जैसी ऑक्सलेट वाली चीजों का सेवन सीमित करने की सलाह देते हैं.
पालक खाने का क्या है बेस्ट तरीका
डाइटिशियन ने बताया कि अक्सर लोग पालक कच्चा खा लेते हैं या उसका जूस बनाकर पी लेते हैं. हालांकि इसे सही तरीके से खाना चाहिए. पालक में मौजूद ऑक्सलेट्स को कम करने के लिए इसे उबालकर खाना चाहिए. उबालने से यह सेहत के लिए ज्यादा सुरक्षित हो जाता है. इसके अलावा पालक को दही या पनीर के साथ खाने से कैल्शियम और ऑक्सलेट का संतुलन बेहतर रहता है और स्टोन बनने का खतरा कम होता है. अच्छी बात यह है कि साधारण मात्रा में सप्ताह में 1 से 2 बार पालक का सेवन अधिकतर लोगों के लिए सेफ है.
पालक खाएं, तो स्टोन से कैसे बचें?
एक्सपर्ट की मानें तो अगर आप पालक का सेवन करते हैं, तो पर्याप्त पानी पीना किडनी स्टोन रोकने का सबसे असरदार तरीका है. पानी शरीर से एक्स्ट्रा मिनरल्स और ऑक्सलेट्स को बाहर निकाल देता है. जो लोग पर्याप्त पानी नहीं पीते हैं, उन्हें स्टोन का खतरा ज्यादा होता है. अगर आपका पानी का सेवन अच्छा है और आहार संतुलित है, तो पालक से भी स्टोन बनने की संभावना काफी कम हो जाती है. इसलिए अकेले पालक को दोष देना वैज्ञानिक रूप से सही नहीं है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें