धार जिले के अमझेरा निवासी और बदनावर तहसील के बिडवाल में पदस्थ प्रभारी शाखा प्रबंधक विनायक शर्मा (59) के साथ साढ़े चार लाख रुपए से अधिक की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है। उन्हें वॉट्सऐप पर एसबीआई बैंक के नाम से एक लिंक मिली। इस लिंक को खोलने के बाद उनका मोबाइ
.
पुलिस को दी जानकारी में विनायक शर्मा ने बताया कि उन्हें कल शाम वॉट्सऐप पर एक मैसेज मिला था। इसकी डिस्प्ले पिक्चर (DP) पर एसबीआई बैंक का लोगो बना हुआ था और इसमें ‘SBI CARD.apk’ नामक एक लिंक थी। उन्होंने इसे एसबीआई कार्ड की लिंक समझकर खोला, जिसके बाद उनका मोबाइल हैंग हो गया।
मोबाइल को बंद करके दोबारा चालू करने पर उन्हें एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से हुए तीन ट्रांजैक्शन के टेक्स्ट मैसेज मिले। अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 919903133401 का उपयोग कर उनके क्रेडिट कार्ड से कुल 4 लाख 48 हजार 991 रुपए की धोखाधड़ी की। शर्मा ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले में साइबर सेल की मदद ली जाएगी। इसके अतिरिक्त, धार स्थित संबंधित बैंक से भी संपर्क किया जाएगा ताकि अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा सके।
.