मार्च में ही ‘तंदूर’ बना बुंदेलखंड! सागर में पारा 39°C पार,जल्द चल सकती है हीट वेव

Last Updated:

Sagar News Today: मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में मार्च की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी का असर दिखाई देने लगा है. सागर में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री ज्यादा है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शुष्क हवाएं और मिट्टी में नमी की कमी के कारण इस बार गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है. आने वाले दिनों में तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है और हीट वेव चलने की भी संभावना जताई जा रही है. हालांकि 15 मार्च के बाद सागर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.

Sagar Weather Today: मार्च महीने की शुरुआत होते ही बुंदेलखंड में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. सागर और आसपास के जिलों में पिछले चार दिनों से लगातार तापमान बढ़ रहा है. सागर में दिन का अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री ज्यादा है.

शुष्क हवाएं चलने और हवा में नमी कम होने की वजह से लोगों को दिन के समय काफी गर्मी और बेचैनी महसूस हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे हीट वेव की स्थिति भी बन सकती है.

पथरीली जमीन भी बढ़ा रही गर्मी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुंदेलखंड की भौगोलिक स्थिति भी यहां की गर्मी को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है. इस इलाके में पथरीली जमीन ज्यादा है और पत्थर की खासियत होती है कि वह गर्मी को जल्दी सोख लेता है और उसे धीरे-धीरे छोड़ता है. इसी वजह से सागर और आसपास के जिलों में तापमान अक्सर दूसरे क्षेत्रों की तुलना में एक-दो डिग्री ज्यादा रहता है.

राजस्थान से आ रही शुष्क हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान की तरफ से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं. इन हवाओं की वजह से हवा में नमी काफी कम हो गई है. फिलहाल दिन के समय नमी करीब 20 से 25 प्रतिशत ही रह गई है. इसी कारण पूरे बुंदेलखंड और पूर्वी मध्यप्रदेश के कई इलाकों में तेज गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है.

कम बारिश भी बना रही वजह
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार कम बारिश भी गर्मी बढ़ने की एक बड़ी वजह है. सागर जिले में पिछले बारिश के मौसम में औसत से करीब 8 इंच कम बारिश हुई है. जहां सामान्य तौर पर करीब 1230 मिमी बारिश की जरूरत होती है, वहीं इस बार सिर्फ 996 मिमी बारिश ही दर्ज की गई. इसके अलावा जनवरी महीने में भी सामान्य से कम बारिश हुई, जिससे मिट्टी में नमी की कमी बनी हुई है.

अप्रैल-जून जैसी गर्मी मार्च में
सागर मौसम विभाग के प्रभारी विवेक छलोत्रे के अनुसार पिछले 30 सालों में मार्च का औसत तापमान करीब 32 डिग्री के आसपास रहा है. लेकिन इस साल 2026 में मार्च की शुरुआत में ही तापमान 39 डिग्री के करीब पहुंच गया है. उन्होंने बताया कि जो गर्मी आमतौर पर अप्रैल से जून के बीच महसूस होती थी, वह इस बार मार्च के पहले ही पखवाड़े में महसूस हो रही है.

15 मार्च के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 14 मार्च तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है. इसके बाद 15 मार्च के आसपास सागर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. इसका असर छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना और दमोह जिलों में ज्यादा देखने को मिल सकता है, जबकि सागर में भी हल्का असर पड़ने की संभावना जताई गई है.

About the Author

Shweta Singh

Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *