विदिशा में 4 अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर: बिना अनुमति काट रहे थे प्लॉट – Vidisha News


विदिशा जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कुरवाई क्षेत्र में चार अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। यह कार्रवाई कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देश पर एसडीएम मनीष जैन के नेतृत्व में की गई। जिले में तेजी से फैल रही अवैध कॉलोनियों के कारण आम लोग ठगी का शिकार हो रहे थे। भू-माफिया खेतों को प्लॉट में बदलकर लोगों को आधुनिक सुविधाओं का सपना दिखाते थे, लेकिन हकीकत में सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं न मिलने से प्लॉट खरीदने वाले परेशान होते थे। बिना अनुमति तैयार की जा रही थीं
प्रशासन की टीम ने बीना रोड और कैथौरा रोड पर विकसित की जा रही उन कॉलोनियों को निशाना बनाया, जो बिना किसी वैध अनुमति के तैयार की जा रही थीं। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया। कॉलोनाइजरों द्वारा बनाई गई सड़कें उखाड़ी गईं और नालियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। एसडीएम मनीष जैन ने स्पष्ट किया कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और रेरा की अनुमति के बिना कॉलोनी काटना पूरी तरह गैर-कानूनी है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई अवैध उपनिवेशन पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन ने आम जनता से अपील की कि वे आकर्षक विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसके डायवर्जन, स्वीकृति और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी भी परेशानी से बचा जा सके। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *