नईदुनिया प्रतिनिधि, मऊगंज। जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीर गांव से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां जमीनी विवाद के चलते पड़ोसियों ने एक ही परिवार की तीन महिलाओं और एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया।
इस हमले में मां, बेटी और पांच महीने की गर्भवती बहू को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है।
घर में घुसकर बरसाईं लाठियां
पीड़ित महिला रहमुनिया यादव ने बताया कि उनके परिवार में केवल महिलाएं और बुजुर्ग माता-पिता ही रहते हैं। विवाद तब शुरू हुआ जब पीड़िता अपने पैतृक स्थान पर मकान का निर्माण करा रही थी। आरोप है कि उनके रिश्ते के चाचा राकेश यादव और उनके परिवार के सदस्य इस जमीन पर कब्जा करना चाहते थे।
जब पीड़िता ने मकान बनाना शुरू किया, तो आरोपियों ने पहले उनका रास्ता बंद कर दिया और फिर घर में घुसकर लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में रहमुनिया यादव, उनके बुजुर्ग पिता प्रेमसेन यादव, मां कुलबसुआ और बहू कल्पना यादव बुरी तरह घायल हो गए।
गर्भवती बहू के पेट पर मारी लात
पांच महीने की गर्भवती पीड़िता की बहू कल्पना यादव ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि हमलावरों ने उनके साथ बेहद बर्बरता की। कल्पना के अनुसार, आरोपियों ने न केवल उनका सिर फोड़ दिया, बल्कि उनके पेट पर भी लात मारी।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद जब वे थाने पहुंचे, तो पुलिस का व्यवहार भी सहयोगात्मक नहीं था और उन्हें यह कहकर टालने की कोशिश की गई कि वे खुद गिर गई हैं।
जेवर लूटने और घर फूंकने का आरोप
रहमुनिया यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वे घायल होकर अस्पताल चले गए, तो पीछे से आरोपियों ने उनके घर में रखे कीमती सामान, जिसमें सोने-चांदी के जेवर (सक्री, झुमका, मंगलसूत्र) और नकदी शामिल थी, लूट लिए। इतना ही नहीं, पीड़ितों का दावा है कि आरोपियों ने उनके घर को आग के हवाले भी कर दिया।
मारपीट की इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें मऊगंज से रीवा रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में ट्रेवल एजेंसी संचालक को पत्नी सहित चचेरे भाइयों ने बेरहमी से पीटा, महिला के पेट में लात मारकर घसीटा
घायलों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने फिलहाल कल्पना यादव और अन्य घायलों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि वे दोबारा हमला न कर सकें।
.