ये तस्वीरें कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा ने शेयर की हैं, जिसमें मंडल अध्यक्ष अजय यादव है।
बड़वानी में एक लेडी पुलिस कॉन्स्टेबल ने बीजेपी मंडल अध्यक्ष के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है। बड़वानी जिले के सिलावद मंडल के अध्यक्ष अजय यादव पर महिला पुलिस आरक्षक ने छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
.
पुलिस ने एफआईआर दर्ज की
पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय महिला हेड कॉन्स्टेबल की शिकायत पर भारतीय जनता पार्टी के सिलावद के मंडल अध्यक्ष अजय यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बड़वानी कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 74, 75, 78 296, 351(3) और एससी एसटी एक्ट के तहत कार्यवाही की है।
मामले में कांग्रेस विधायक ने किया ट्वीट।
कांग्रेस विधायक बोले- बीजेपी के पद अपराधियों की सुरक्षित जगह बने मनावर से कांग्रेस विधायक और जयस के राष्ट्रीय संरक्षक डॉ हीरालाल अलावा ने आरोपी मंडल अध्यक्ष की सीएम डॉ मोहन यादव, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान और आरएसएस की गणवेश में तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा- बड़वानी में हुई घटना ने पूरे आदिवासी समाज को झकझोर कर रख दिया है।
आरएसएस व बीजेपी मंडल अध्यक्ष ने एक आदिवासी कांस्टेबल के साथ छेड़छाड़ की। यह सिर्फ एक महिला पर हमला नहीं, बल्कि पूरे समाज की अस्मिता पर चोट है।
यह घटना निंदनीय ही नहीं, बल्कि शर्मनाक भी है। बीजेपी बार-बार ऐसे लोगों को संरक्षण देती रही है, जिनकी मानसिकता बहन-बेटियों को अपमानित करने की होती है। यही कारण है कि आज असली अपराधियों की सबसे सुरक्षित जगह बीजेपी के संगठन और पद बन गए हैं। आदिवासी समाज चुप नहीं बैठेगा विधायक अलावा ने कहा- हम प्रशासन से साफ मांग करते हैं कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि आदिवासी समाज की बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। अगर समय पर न्याय नहीं मिला तो बड़ा उलगुलान होगा। अब आदिवासी समाज खामोश नहीं बैठेगा। जोहार जिंदाबाद।
भाजपा नेता बोला- तुम मुझे पसंद हो, मेरे साथ चलो पुलिस FIR के अनुसार घटना 17 सितंबर की है, जब महिला हेड कॉन्स्टेबल सिक लीव पर थी। वह अपनी निजी कार को ड्राइव कर बड़वानी में एक दुकान के सामने पहुंची थी। इसी दौरान अजय यादव उसका पीछा करते हुए आया और ड्राइविंग सीट के बाजू वाली सीट पर बैठ गया। उसने कथित तौर पर उसके साथ छेड़खानी कर उसका हाथ पकड़ा और कहा कि तुम मुझे पसंद हो मेरे साथ चलो।
गाली-गलौज और धमकाने के भी आरोप जब महिला हेड कॉन्स्टेबल ने जाने से इनकार किया तो, वहां हंगामा खड़ा हो गया और भीड़ इकट्ठी हो गई। अजय यादव ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
.