विदिशा शादी समारोह की पार्किंग से बाइक चोरी; VIDEO: चार महीने पहले घर में 5 लाख की चोरी भी अनसुलझी – Vidisha News

विदिशा में एक शादी समारोह से बाइक चोरी का मामला सामने आया है। टीलाखेड़ी निवासी विरजेंद्र धाकड़ अपनी बच्चियों के साथ रविवार को पटेल गार्डन में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। उन्होंने अपनी बाइक गार्डन की पार्किंग में खड़ी की थी।

.

शादी समारोह से लौटने पर विरजेंद्र ने देखा कि उनकी बाइक पार्किंग से गायब थी। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। विरजेंद्र ने बताया कि घटना वाले दिन वह पहले अपने पिता से मिलने अस्पताल गए थे, जिनका ऑपरेशन होना था। अस्पताल से लौटने के बाद वह बच्चियों के साथ शादी में पहुंचे थे। कपड़ों से भरा एक बैग बाइक पर ही रखा रह गया था।

घटना के बाद खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में बाइक चोर की पूरी वारदात कैद हो गई है। विरजेंद्र ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे। हालांकि, पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बजाय केवल आवेदन लिया।

पीड़ित विरजेंद्र धाकड़ ने यह भी बताया कि चार महीने पहले उनके घर में भी चोरी हुई थी। उस वारदात में सोने-चांदी के जेवर और लगभग 1 लाख 80 हजार रुपए नकद सहित करीब पांच लाख रुपए का सामान चोरी हुआ था। उस मामले का आज तक कोई खुलासा नहीं हो सका है।

कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है और अज्ञात बाइक चोर की तलाश की जा रही है।

.
चार महीने पहले घर में 5 लाख की चोरी भी अनसुलझी

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *