सिंगरौली जिले के सरई मुख्य बाजार में सोमवार रात एक सड़क हादसे में बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार महिला पटवारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक सवार युवक को भी चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, महिला पटवारी मेहरू पांडेय अपनी स्कूटी से बाजार क्षेत्र से गुजर रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे घोघरा निवासी बाइक सवार युवक पवन जायसवाल से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को सरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां उनका इलाज जारी है। बताया गया है कि महिला पटवारी के दाहिने पैर में गंभीर चोट लगी है, जबकि युवक के सिर और छाती में चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदोरिया ने बताया, “बाइक और स्कूटी के बीच टक्कर की सूचना मिली थी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। वाहनों को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।” .