पन्ना में गाय से टकराई बाइक: पिता-पुत्र गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती; सब्जी लेने बाजार जा रहे थे – Panna News


पन्ना जिले में आवारा मवेशियों के कारण सड़क हादसे लगातार हो रहे हैं। रविवार, 22 मार्च की देर शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सड़क पर अचानक आई एक गाय को बचाने के प्रयास में बाइक के अनियंत्रित होकर पलटने से हुआ। जानकारी के अनुसार, यह घटना ककरहटी गांव के पास हुई। लगभग 45 वर्षीय चिरंगी लाल अपने 20 वर्षीय पुत्र भोला आदिवासी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सब्जी लेने बाजार जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक गाय दौड़ती हुई उनकी बाइक के सामने आ गई। घायल चिरंगी लाल ने बताया कि गाय को बचाने के लिए उन्होंने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिर गए। इस टक्कर से उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वर्तमान में दोनों घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय पन्ना में किया जा रहा है। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के अनुसार, दोनों मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है और सिर की चोटों की विशेष निगरानी की जा रही है। सड़क पर बेसहारा घूमते मवेशी राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मवेशियों का जमावड़ा कम नहीं हो रहा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *