इंदौर के हवाई सफर पर एक बार फिर कैंची चली है। मार्च के अंत से लागू होने वाले समर शेड्यूल में इंडिगो एयरलाइंस ने इंदौर से नासिक और उदयपुर की उड़ानों को पूरी तरह बंद करने का फैसला किया है। कंपनी ने न केवल अपना प्रस्ताव वापस लिया है, बल्कि अपनी वेबसाइट से बुकिंग भी हटा दी है। इससे अब राजस्थान की सैर और महाराष्ट्र के ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए इंदौरियों को लंबा रास्ता तय करना होगा। 27 मार्च के बाद नहीं मिलेगी टिकट डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविऐशन (DGCA) द्वारा जारी 29 मार्च से लागू होने वाले प्रस्तावित समर शेड्यूल में इंदौर से इन दो शहरों का जिक्र नहीं है। इंडिगो ने 27 मार्च के बाद उदयपुर और 28 मार्च के बाद नासिक के लिए बुकिंग लेना बंद कर दिया है। श्रद्धालुओं-पर्यटकों की बढ़ेगी परेशानी, शिर्डी यात्रा होगी कठिन इंडिगो पहले ही इंदौर-शिर्डी सीधी फ्लाइट बंद कर चुका है। ऐसे में श्रद्धालु नासिक उतरकर सड़क मार्ग से शिर्डी पहुंचते थे। अब नासिक फ्लाइट बंद होने से श्रद्धालुओं के पास सीधा विकल्प खत्म हो जाएगा। उदयपुर, राजस्थान का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। सीधी उड़ान बंद होने से पर्यटकों को अब सड़क या ट्रेन के लंबे सफर पर निर्भर रहना होगा। इंदौर से लगातार टूट रही कनेक्टिविटी यह पहली बार नहीं है जब इंदौर से उड़ानें कम हुई हैं। पिछले कुछ समय में इंडिगो और अन्य एयरलाइंस ने कई शहरों से नाता तोड़ा है। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान शेड्यूल एयरपोर्ट के रात में बंद रहने (रात 10:30 से सुबह 6:30 बजे तक) के कारण प्रभावित है। बंद हुए रूट: जोधपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सूरत, राजकोट, वडोदरा, बिलासपुर, अमृतसर, किशनगढ़ और बेलगाम। अप्रैल से ‘नॉन-स्टॉप’ उड़ान इंदौर एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार ने बताया कि वर्तमान में रनवे की मरम्मत के कारण रात में 8 घंटे एयरपोर्ट बंद रहता है। वे कहते हैं कि हमारी कोशिश है कि मार्च अंत तक काम पूरा कर लिया जाए। अप्रैल से एयरपोर्ट 24 घंटे खुला रहेगा, जिससे इंदौर को कई नई उड़ानें मिलेंगी और यात्री संख्या में बड़ा उछाल आएगा। एग्जाम सीजन के बाद दिखेगा ‘बूम’ ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (TAFI) के प्रदेश अध्यक्ष अमूल कटारिया के अनुसार फरवरी और मार्च की शुरुआत में परीक्षाओं के कारण ट्रैफिक स्थिर रह सकता है, लेकिन मिड-मार्च और अप्रैल में छुट्टियां शुरू होते ही यात्रियों की संख्या 5 लाख के पार जा सकती है। टूरिस्ट्स ने अभी से समर वेकेशन के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। पिछले साल बढ़ी थी यात्रियों की संख्या इंदौर एयरपोर्ट से जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच 43 लाख 96 हजार 611 यात्रियों ने हवाई यात्रा की। यह एयरपोर्ट के 88 वर्षों के इतिहास में पहली बार है, जब यात्री संख्या 40 लाख के पार पहुंची। इसी अवधि में 32,558 उड़ानों का संचालन हुआ, जो इंदौर की मजबूत एविएशन ग्रोथ को दर्शाता है। नए साल में पुराने टर्मिनल को फिर से चालू किया जाएगा, जहां से एटीआर विमानों का संचालन होगा। इससे मुख्य टर्मिनल पर भीड़ कम होगी और चेक- इन व सुरक्षा जांच में लगने वाला समय घटेगा। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि दो टर्मिनल संचालन से यात्रियों को ज्यादा सुगम और व्यवस्थित व्यवस्था मिलेगी। .