Last Updated:
उज्जैन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस कार्रवाई में करीब 75 किलो केमिकल क्रिस्टल, 37 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स और 1.84 किलो गांजा जब्त किया गया है. इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है. कुल 6 आरोपियों को पकड़ा गया है. पुलिस का विशेष अभियान 10 अप्रैल तक जारी रहेगा.
उज्जैन पुलिस ने 75 किलो केमिकल क्रिस्टल जब्त किया. (सांकेतिक फोटो)
उज्जैन. उज्जैन में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है. इसके नतीजे भी बेहद चौंकाने वाले सामने आए हैं. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर उज्जैन पुलिस की ओर से 1 अप्रैल से 5 अप्रैल के बीच चलाए गए विशेष अभियान में मादक पदार्थों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई. इस दौरान पुलिस ने करीब 75 किलो केमिकल क्रिस्टल, 37 ग्राम से ज्यादा एमडी ड्रग्स और 1 किलो 840 ग्राम गांजा जब्त किया है. जब्त किए गए इन मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है.
इस अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. सबसे बड़ी कार्रवाई चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने की, जहां एक अवैध ड्रग्स निर्माण फैक्ट्री पर छापा मारकर 75 किलो केमिकल क्रिस्टल पाउडर बरामद किया गया. साथ ही 8 लाख 50 हजार रुपये नकद और एक कार भी जब्त की गई. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है.
भाटपचलाना-नीलगंगा से भी पकड़े गए आरोपी
वहीं भाटपचलाना थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 1 किलो 840 ग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की. नीलगंगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से 15 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की, जबकि बड़नगर थाना पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए 36 ग्राम से ज्यादा एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया.
10 अप्रैल तक जारी रहेगा विशेष अभियान
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 10 अप्रैल तक यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी नशे के कारोबारियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी. उज्जैन पुलिस का साफ संदेश है- नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं.
About the Author
Dallu Slathia is a seasoned digital journalist with over 7 years of experience, currently leading editorial efforts across Madhya Pradesh and Chhattisgarh. She specializes in crafting compelling stories across …और पढ़ें
.