टीकमगढ़ के प्राचीन नजरबाग मंदिर में गुरुवार रात हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष्य में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान भजन गायिका शक्ति दुबे ने अपने साथी कलाकारों के साथ कई धार्मिक भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने भजनों पर जमकर नृत्य किया। श्रीराम जन्मोत्सव परिवार के सदस्य अजय सिंह ने बताया कि हिंदू नव वर्ष के अवसर पर हर साल मंदिर परिसर में दीपोत्सव के साथ भजन संध्या का आयोजन किया जाता है। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। भजन गायिका ने माता रानी के गीत से की शुरुआत इस वर्ष छतरपुर जिले से आईं भजन गायिका शक्ति दुबे ने माता रानी के गीत से भजन संध्या की शुरुआत की। उन्होंने बागेश्वर धाम पर आधारित एक बुंदेली गीत भी सुनाया। भक्ति गीतों पर महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। यह कार्यक्रम देर रात तक चला, जिसमें भक्तों ने भजनों का खूब आनंद लिया। रामनवमी पर निकाली जाएगी प्रभातफेरी रामनवमी पर्व के उपलक्ष्य में श्रीराम जन्मोत्सव परिवार की ओर से बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। सुबह से प्रभातफेरी निकाली जा रही है। इसके अतिरिक्त, नवरात्र शुरू होते ही शाम को महा आरती के आयोजन आज से शुरू होंगे। शहर के विभिन्न मोहल्लों में देवी मां की महा आरती की जाएगी। भगवान श्री राम का जन्म महोत्सव 27 मार्च को मनाया जाएगा। .