Best Time To Drink Tea: चाय पीने का सबसे अच्छा टाइम कौन सा है? अगर जान लेंगे, तो सेहत होगी बेहतर

Interesting Facts About Tea: अधिकतर लोगों के दिन की शुरुआत चाय की चुस्की के साथ होती है. लोग सुबह उठकर चाय पीना पसंद करते हैं. चाय लोगों को तरोताजा रखती है और सुकून देती है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो चाय पीना ही काफी नहीं, बल्कि चाय पीने का सही समय भी आपकी सेहत पर बहुत बड़ा असर डालता है. अगर आप गलत समय पर चाय पीते हैं तो इससे पाचन की समस्या, नींद में खलल और कभी-कभी दिल की धड़कन भी तेज हो सकती है. आज आपको बताएंगे कि चाय पीने का सबसे अच्छा समय कौन सा है और इस वक्त चाय पीने से कौन से फायदे मिल सकते हैं.

हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो जब आप सुबह उठते हैं, तब शरीर में कोर्टिसोल नामक हार्मोन का स्तर ज्यादा होता है. यह हार्मोन आपकी एनर्जी को बढ़ाता है और आपको अलर्ट रखता है. इस दौरान अगर आप चाय पीते हैं, तो चाय में मौजूद कैफीन का असर कम हो सकता है और कोर्टिसोल का स्तर असंतुलित हो सकता है. इसलिए सुबह उठने के बाद कम से कम आधे घंटे का अंतर रखें और फिर चाय पिएं, जिससे आपका शरीर दोनों चीजों का बेहतर फायदा उठा सके. खाने के बाद चाय पीने की आदत आम है, लेकिन यह भी स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं मानी जाती है. चाय में टैनिन्स नामक तत्व होते हैं, जो शरीर में आयरन के अवशोषण में बाधा डालते हैं. खाने के तुरंत बाद चाय पीने से यह आयरन ठीक से अवशोषित नहीं हो पाता है, जिससे एनीमिया जैसी बीमारियां हो सकती हैं. इसलिए खाना खाने के बाद कम से कम 30 मिनट बाद ही चाय पीनी चाहिए.

शाम के वक्त चाय पीना बहुत कॉमन है, लेकिन यह ध्यान रखना जरूरी है कि आप कब चाय पी रहे हैं. चाय में कैफीन होता है जो आपकी नींद को प्रभावित कर सकता है. अगर आप सोने से ठीक पहले या 2-3 घंटे पहले कड़क चाय पीते हैं तो इससे आपकी नींद खराब हो सकती है और आपको आराम नहीं मिल पाता है. इसलिए बेहतर होता है कि शाम को आप हर्बल चाय या ग्रीन टी का सेवन करें, जो कैफीन फ्री होती हैं और शरीर को शांति देती हैं. इससे आप रात में अच्छी नींद ले पाएंगे और अगली सुबह तरोताजा महसूस करेंगे.

व्यायाम या वर्कआउट के बाद शरीर को पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की जरूरत होती है. इस समय चाय पीना सही नहीं माना जाता है, क्योंकि चाय में मौजूद कैफीन शरीर को डिहाइड्रेट कर सकता है. इससे आपकी थकान बढ़ सकती है और शरीर ठीक तरह से हाइड्रेटेड नहीं रह पाता. वर्कआउट के बाद सबसे अच्छा होता है कि आप पानी, नारियल पानी या फ्रूट जूस पिएं जो शरीर में पानी की कमी को पूरा कर सके और आपको जल्दी एनर्जी दे. यह आपके शरीर को जल्दी रिकवर करने में मदद करेगा. चाय के फायदे तब तक अच्छे हैं जब आप इसे उचित मात्रा में पीते हैं. ज्यादा चाय पीने से कैफीन की मात्रा अधिक हो जाती है, जिससे दिल की धड़कन तेज हो सकती है और आपको बेचैनी, घबराहट या नींद न आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.

हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार लोगों को दिन में 2-3 कप से ज्यादा चाय नहीं पीना चाहिए और इसे सुबह नाश्ते के बाद और खाने के करीब आधा घंटे बाद ही पीना चाहिए. चाय का सेवन संतुलित होना चाहिए, ताकि इसके फायदे पूरी तरह मिल सकें और नुकसान न हो. चाय सिर्फ एक स्वादिष्ट पेय ही नहीं, बल्कि सही समय और सही मात्रा में पीने पर सेहत के लिए वरदान भी है. सुबह उठने के आधे घंटे बाद चाय पीना, खाने के बाद कम से कम 30 मिनट का अंतर रखना, शाम को हल्की चाय लेना और दिन भर में 2-3 कप चाय की सीमा में रहना सेहत को बेहतर बनाता है. अगर आप इन बातों का ध्यान रखेंगे तो न केवल आपकी एनर्जी बनी रहेगी, बल्कि आपकी नींद और पाचन भी सही रहेगा.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य जानकारियों पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *