Last Updated:
Til health benefits in winter: सर्दियों में तिल से बनी चीजें जैसे तिल के लड्डू, गुड़, चीनी की पट्टी आदि खूब मिलने लगते हैं. काले-सफेद रंग के ये छोटे-छोटे दाने पौष्टिक तत्वों का खजाना हैं. तिल में कई तरह के पोषक तत्व होते हैं, जो कई तरह की शारीरिक समस्याओं को दूर रखते हैं. शरीर को ताकत, एनर्जी देते हैं. आज लोग हेल्दी रहने के लिए कई तरह की विटामिंस, मल्टीविटामिंस, मिनरल्स की दवाओं का सेवन करते हैं, लेकिन ये सभी चीजें आपको काले-सफेद तिल में ही मिल जाएंगे और इसे खाने के कोई दुष्प्रभाव नहीं होंगे. नहीं जानते हैं तिल के फायदों के बारे में तो यहां जान लीजिए.
तिल में ढेरों पोषक तत्व होते हैं. साथ ही ये मल्टीविटामिन और मिनरल्स का पावरहाउस है. तिल की तासीर गर्म होती है, इसलिए गर्मी के मुकाबले ये सर्दियों में खूब बिकता है. आयुर्वेद में इसे ‘महा-औषधि’ कहा जाता है. आधुनिक विज्ञान में इसे ‘न्यूट्रिएंट डेंस सुपरफूड’ कहा गया है.

तिल में मौजूद पोषक तत्वों को शरीर आसानी से तुरंत सोख लेता है. 100 ग्राम सफेद तिल में लगभग 975 एमजी कैल्शियम होता है. यह एक गिलास दूध से कहीं ज्यादा है. हड्डियों और जोड़ों के लिए कैल्शियम बहुत जरूरी है. ऐसे में तिल इसे प्राकृतिक तरीके से पूरा करता है. हड्डियों को मजबूती देता है.

तिल में आयरन और कॉपर भी प्रचुर मात्रा में होते हैं. ये खून बनाने और एनीमिया दूर करने में किसी भी आयरन टॉनिक से ज्यादा फायदा करता है. जो लोग वर्कआउट करते हैं, घंटों जिम जाकर मसल्स बनाते हैं,उनके लिए तिल प्रोटीन का बेहतर स्रोत है.साथ ही इसमें जिंक, मैंगनीज, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, फाइबर आदि भी होते हैं, जो दैनिक जरूरतों का अच्छा खासा हिस्सा पूरा करते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

तिल में सेसामिन और सेसामोलिन जैसे तत्व भी होते हैं, जो बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं. दिल और लिवर की सुरक्षा करते हैं. ब्लड प्रेशर को नेचुरल तरीके से कंट्रोल में रखते हैं.

काले तिल को आयुर्वेद में सफेद तिल से भी ज्यादा गुणकारी माना गया है. यह नसों की कमजोरी दूर करता है. बालों को असमय सफेद होने से बचाता है. मानसिक रूप से खुशी और ताजगी प्रदान करता है. तिल के तेल में नेचुरल एसपीएफ होता है, जिससे सूरज की किरणों से त्वचा सुरक्षित रहती है. सुबह खाली पेट तिल चबाने से दांत और मसूड़े मजबूत रहते हैं. उम्र बढ़ने के बाद भी दांत स्थिर रहते हैं.

तिल का फायदा उठाने का आसान तरीका यह है कि इसे हल्का भूनकर खाया जाए. कच्चे तिल में कुछ फाइटेट्स होते हैं, जो पोषक तत्वों के अवशोषण में बाधा डालते हैं. जब आप तिल को भूनते हैं तो उसके बाद हर मिनरल शरीर में आसानी से घुल जाता है. तिल के लड्डू, पट्टी, सालद, सूप, स्मूदी आदि में डालकर भी इसका सेवन कर सकते हैं.