बजट से पहले सेंसेक्स 50 अंक गिरकर 82,200 पर आया: निफ्टी भी 30 अंक गिरा, ये 25,300 के स्तर पर खुला; हिंदुस्तान कॉपर, वेदांता और MCX में 14% तक की गिरावट

  • Hindi News
  • Business
  • Budget
  • Stock Market LIVE | Budget 2026 Share Market BSE NSE Nifty Sensex Update: Banking Auto Share Pric

नई दिल्ली3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बजट पेश होने से पहले आज यानी 1 फरवरी को शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। सेंसेक्स 50 अंक की गिरावट के साथ 82,230 के स्तर पर खुला। निफ्टी में भी 30 अंक की गिरावट रही, ये 25,300 के स्तर के नीचे कारोबार कर रहा है। हिंदुस्तान कॉपर, वेदांता, हिंद जिंक, MCX में 10-14% तक की गिरावट है।

शेयर बाजार प्री ओपन में तेजी के साथ खुला

इससे पहले शेयर बाजार प्री ओपन में तेजी के साथ खुला था। सेंसेक्स 120 अंक की तेजी के साथ 82,388 के स्तर पर खुला। निफ्टी में भी 55 अंक की तेजी रही, ये 25,375 के स्तर पर खुला था।

30 जनवरी को एशियाई और अमेरिकी बाजार में मिला-जुला रुख रहा था

  • जापान का निक्केई 0.099% गिरा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.060% ऊपर बंद हुआ था।
  • हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 2.08% गिरा। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.96% नीचे बंद हुआ था।
  • 30 जनवरी को अमेरिका का डाउ जोंस 0.36% गिरा, नैस्डैक 0.94% गिरकर बंद हुआ था।

विदेशी निवेशकों 601 करोड़ के शेयर बेचे

  • विदेशी निवेशकों (FII) ने 30 जनवरी को ₹601 करोड़ के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने ₹2,251 करोड़ की खरीदारी की थी।
  • दिसंबर 2025 में FIIs ने कुल ₹34,350 करोड़ के शेयर्स बेचे थे। इस दौरान बाजार को संभाल रहे DIIs ने ₹79,620 करोड़ के शेयर खरीदे थे।

30 जनवरी को शेयर बाजार में रही थी गिरावट

इससे पहले 30 जनवरी को शेयर बाजार में गिरावट रही थी। सेंसेक्स 296 अंक (0.36%) गिरकर 82,269 पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 98 अंक (0.39%) की गिरावट रही थी, ये 25,320 पर बंद हुआ था।

आज सुबह 9:15 से दोपहर 3:30 बजे तक ट्रेडिंग होगी

हर साल की तरह इस बार भी 1 फरवरी को 11 बजे से देश का आम बजट पेश किया जाएगा। हालांकि, इस बार 1 फरवरी को रविवार है, लेकिन इसके बावजूद शेयर बाजार में सामान्य दिनों की तरह कामकाज होगा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने सर्कुलर जारी कर इसकी जानकारी दी थी। एक्सचेंज के मुताबिक, बजट के दिन निवेशक और ट्रेडर्स बाजार की प्रतिक्रिया देख सकें, इसलिए रविवार को स्पेशल ट्रेडिंग सेशन रखने का फैसला किया गया है।

BSE और NSE द्वारा जारी सर्कुलर के मुताबिक, 1 फरवरी को बाजार की टाइमिंग वैसी ही रहेगी जैसी वर्किंग डेज (सोमवार से शुक्रवार) में होती है। सुबह 9:00 बजे से 9:08 बजे तक प्री-ओपन सेशन होगा। इसके बाद सुबह 9:15 बजे से नॉर्मल ट्रेडिंग शुरू होगी, जो दोपहर 3:30 बजे तक चलेगी। इक्विटी के साथ-साथ डेरिवेटिव्स (F&O) सेगमेंट में भी इसी समय पर कारोबार होगा।

बजट के दौरान उतार-चढ़ाव को संभालने की तैयारी

आमतौर पर बजट के दिन शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव (वॉलेटिलिटी) देखने को मिलती है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे बजट भाषण शुरू करेंगी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि बजट में होने वाले बड़े ऐलानों पर निवेशक तुरंत रिएक्ट करते हैं।

अगर रविवार को बाजार बंद रहता, तो सोमवार को बाजार खुलने पर बहुत बड़ा गैप-अप या गैप-डाउन देखने को मिल सकता था। रविवार को बाजार खुला रहने से निवेशकों को अपनी पोजीशन मैनेज करने का मौका मिलेगा।

रविवार को बाजार खुलना ऐतिहासिक घटना

भारत के संसदीय इतिहास में यह एक दुर्लभ मौका है जब बजट रविवार को पेश हो रहा है और बाजार भी खुला है। इससे पहले 2025 और 2015 में बजट शनिवार को पेश हुआ था, तब भी बाजारों में विशेष सत्र का आयोजन किया गया था।

साल 1999 में तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने बजट पेश करने का समय शाम 5 बजे से बदलकर सुबह 11 बजे किया था, तब से यही परंपरा चली आ रही है।

T+0 सेटलमेंट और ऑक्शन नहीं होगा

एक्सचेंज ने साफ किया है कि रविवार को बाजार जरूर खुलेगा, लेकिन कुछ सर्विसेज बंद रहेंगी। सर्कुलर के मुताबिक, 1 फरवरी को ‘T+0 सेटलमेंट’ (उसी दिन शेयर सेटल होना) और ‘ऑक्शन सेशन’ आयोजित नहीं किया जाएगा। चूंकि बैंकों में रविवार की छुट्टी हो सकती है, इसलिए फंड के सेटलमेंट की प्रोसेस अगले वर्किंग डे पर पूरी की जाएगी।

निर्मला सीतारमण का 9वां बजट होगा

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस साल अपना लगातार 9वां बजट पेश करेंगी। वह पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के 10 बजट पेश करने के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच जाएंगी। इस बार के बजट से मिडिल क्लास को टैक्स स्लैब में बदलाव और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के लिए बड़े आवंटन की उम्मीदें हैं।

संडे को बजट क्यों?

पहले बजट फरवरी के आखिरी वर्किंग डे पर आता था। 2017 में अरुण जेटली ने इसे 1 फरवरी कर दिया ताकि नए वित्त वर्ष (1 अप्रैल) से पहले योजनाएं लागू हो सकें। इस बार 1 फरवरी को संडे है, लेकिन सरकार ने तारीख नहीं बदली।

शाम 5 बजे से सुबह 11 बजे का सफर

1999 तक बजट शाम 5 बजे पेश होता था, ताकि लंदन के समय (दोपहर 12:30) से तालमेल बैठ सके। यशवंत सिन्हा ने इसे बदलकर ‘भारतीय समय’ के हिसाब से सुबह 11 बजे कर दिया।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *