आईपीएल 2026 के शेड्यूल का एलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन सभी टीमों ने आगामी सीजन के लिए तैयारी शुरू कर दी है. इस बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने विराट कोहली पर बड़ा बयान दिया है. आरसीबी के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने विराट कोहली के 18 सालों से टीम के साथ बने रहने पर हैरानी जताते हुए कहा कि इस सुपरस्टार क्रिकेटर ने अपनी युवावस्था और करियर का सर्वश्रेष्ठ समय इस आईपीएल फ्रेंचाइजी को समर्पित किया है, इसलिए ‘थिंक टैंक’ को उनके लिए एक चैंपियनशिप जीतने वाली टीम तैयार करना चाहिए.
आरसीबी आगामी आईपीएल में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेगी. टीम ने पिछले सीजन 18 साल के लंबे इंतजार के बाद अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था. फ्रेंचाइजी में विराट कोहली की प्रतिष्ठा पर ‘आरसीबी पॉडकास्ट’ में बोबाट ने कहा, “विराट कोहली हमेशा इस टीम के ‘आइकन’ और हीरो रहेंगे. यह कभी नहीं बदलेगा और वह इसके हकदार हैं. उनका ट्रैक रिकॉर्ड अविश्वसनीय है. मुझे याद है पिछले सीजन मैं एक समय उनके आंकड़े देख रहा था जब वह करीब 9,000 रन तक पहुंच गए थे और वो भी 18 साल तक सिर्फ एक ही टीम की जर्सी पहनकर. यानी हर सीजन लगभग 500 रन.”
बोबाट ने आगे कहा, “यह वास्तव में अविश्वसनीय है. सात साल तक कुछ खिलाड़ी 500 रन के एक सत्र से खुश हो जाते हैं. वह 18 साल तक हर सत्र औसतन 500 रन बनाते रहे हैं. यह सच में हैरान कर देने वाला है. इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है.”
कोहली 2008 से आरसीबी के स्तंभ रहे हैं और एक ही टीम के लिए 9,000 से अधिक रन (आठ शतकों सहित) बनाकर आईपीएल के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनका सबसे शानदार प्रदर्शन 2016 में रहा, जब उन्होंने एक ही सीजन में 973 रन बनाकर रिकॉर्ड कायम किया. विराट सालों तक आरसीबी के कप्तान भी रहे. हालांकि, आरसीबी ने अपना पहला आईपीएल खिताब रजत पाटीदार की कप्तानी में पिछले साल जीता.
.