सांसद के घर के सामने मधुमक्खियों का महिलाओं पर हमला: मंदसौर में दशा माता का पूजन करते समय हमला; एक अस्पताल में भर्ती – Mandsaur News


मंदसौर शहर की चौधरी कॉलोनी में दशा माता की पूजा करने पहुंची महिलाओं पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। मधुमक्खियों के हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं पूजा बीच में छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं। घटना में एक महिला घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार यह घटना सांसद सुधीर गुप्ता के निवास के सामने स्थित बगीचे की है, जहां शुक्रवार को करीब 20 से 25 महिलाएं दशा माता की पूजा कर रही थीं। पूजा के दौरान वहीं पेड़ पर लगा मधुमक्खियों का छत्ता अचानक उड़ गया, जिसके बाद मधुमक्खियों ने महिलाओं पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ मच गई और महिलाएं पूजा छोड़कर वहां से भाग खड़ी हुईं। सिर, हाथ और कान पर लगे डंक
हमले में चौधरी कॉलोनी निवासी निर्मला सोलंकी घायल हो गईं। उन्हें मधुमक्खियों ने सिर, हाथ और कान पर डंक मारे। परिजन उन्हें तुरंत जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।जिला चिकित्सालय में भर्ती निर्मला सोलंकी ने भास्कर को बताया कि वे अन्य महिलाओं के साथ दशा माता की पूजा करने गई थीं। पूजा के दौरान वहां मधुमक्खियों का छत्ता था, जो अचानक उड़ गया और मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि सभी महिलाएं घबराकर भागने लगीं, इसी दौरान उन्हें मधुमक्खियों ने काट लिया। इसके बाद वे पूजा बीच में ही छोड़कर घर चली गईं, जहां से परिजन उन्हें अस्पताल लेकर आए। 2–3 महिलाओं को लगे डंक, अस्पताल पहुंची केवल एक
मौके पर मौजूद महिलाओं के अनुसार मधुमक्खियों के हमले में करीब 2 से 3 महिलाओं को डंक लगे हैं, हालांकि जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए केवल निर्मला सोलंकी ही पहुंची हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *