-बाजार से आप महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स, क्रीम और सीरम खरीदते हैं, ताकि एक्ने के दाग-धब्बों को कम किया जा सके, लेकिन इनका असर या तो अस्थायी होता है या फिर इनके साइड इफेक्ट होने लगते हैं. आप नीम का फेस मास्क कुछ दिनों के लिए लगा कर देखिए, मुंहासे कम निकलेंगे और दाग-धब्बे भी दूर होंगे.
-नीम में कई तरह के औषधीय गुण होते हैं. इसमें एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-फंगल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो त्वचा पर होने वाले बैक्टीरियल इंफेक्शन, जलन, सूजन, फोड़े-फुंसियों, दाग-धब्बे, बढ़ती उम्र के लक्षणों आदि को दूर करने में मदद करते हैं. इसी कारण से नीम को एक्ने से छुटकारा पाने के लिए सबसे प्रभावी प्राकृतिक उपाय माना जाता है.
नीम और मुल्तानी मिट्टी फेस पैक
नीम का इस्तेमाल हर स्किन टाइप के लोग कर सकते हैं. आपकी स्किन रूखी हो या फिर तैलीय, मुंहासों से राहत पाने के लिए नीम और मुल्तानी मिट्टी का फेस पैक आप बनाकर लगा सकते हैं. नीम जहां मुंहासे उत्पन्न करने वाले बैक्टीरिया को मारता है, वहीं मुल्तानी मिट्टी स्किन में मौजूद एक्स्ट्रा ऑयल को सोखती है. खुले पोर्स को टाइट करती है. यह पैक त्वचा को साफ, ठंडा और संतुलित बनाए रखता है. इस पैक को हफ्ते में एक या दो बार आप चेहरे पर अप्लाई कर सकते हैं.
नीम और शहद फेस पैक
अगर आपकी त्वचा ड्राई है और सूजन, एक्ने, रेडनेस से अक्सर परेशान रहते हैं, तो नीम को पीसकर इसमें शहद डालकर इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं. इससे इंफेक्शन कम होने के साथ ही त्वचा की नमी बरकरार रहती है. इस फेस पैक को आप हफ्ते में दो से तीन बार लगा सकते हैं.
नीम और एलोवेरा फेस पैक
चेहरे पर जलन हो, तो नीम और एलोवेरा जेल का फेस पैक लगाएं. एलोवेरा की तासीर ठंडी होती है. इससे जलन और सूजन कम होती है. ये दोनों त्वचा की गहराई से सफाई करते हैं. मुंहासे धीरे-धीरे कम होने लगते हैं. नीम और एलोवेरा फेस पैक को रात में सोने से पहले लगाएं तो त्वचा सुबह तक फ्रेश और आराम महसूस करेगी.