सावधान! गर्मियों में आपका फ्रिज बन सकता है ‘टाइम बम’, ये छोटी गलती पड़ेगी बहुत भारी

Fridge Care Tips and Tricks: अभी मार्च ही चल रहा है, लेकिन गर्मी ने ऐसा रूप दिखाना शुरू कर दिया है कि लोग पंखे-कूलर के साथ अब फ्रिज और AC पर भी निर्भर हो गए हैं. घर हो, ऑफिस हो या दुकान हर जगह फ्रिज लगातार चल रहा है.

लेकिन सच ये है कि जिस फ्रिज से आप ठंडक पा रहे हैं, वही अगर सही तरीके से इस्तेमाल न किया जाए तो बड़ा नुकसान भी कर सकता है. कई मामलों में लापरवाही की वजह से फ्रिज में ब्लास्ट तक की नौबत आ जाती है.

एक्सपर्ट बोले ये गलती सबसे ज्यादा खतरनाक
सागर के इलेक्ट्रॉनिक रिपेयर एक्सपर्ट रोहित प्रजापति बताते हैं कि ज्यादातर लोग फ्रिज को दीवार से सटाकर रख देते हैं, जो सबसे बड़ी गलती है. फ्रिज के पीछे कम से कम 5–6 इंच की जगह खाली होनी चाहिए. गर्मी में कंप्रेसर बहुत गर्म होता है और अगर हवा पास नहीं होगी तो ओवरहीटिंग बढ़ेगी, जिससे शॉर्ट सर्किट या खराबी हो सकती है.

बिजली का झटका भी बन सकता है वजह
अगर आपके घर में बार-बार बिजली जाती है या वोल्टेज ऊपर-नीचे होता है, तो बिना स्टेबलाइजर के फ्रिज चलाना खतरे से खाली नहीं है. अचानक हाई वोल्टेज आने पर फ्रिज का कंप्रेसर खराब हो सकता है और बड़ा नुकसान हो सकता है.

गर्मी में चालू करने से पहले ये जरूर करें
जो लोग साल में सिर्फ गर्मियों में फ्रिज चालू करते हैं, वो सबसे पहले ये चीजें चेक कर लें: कहीं तार कटा या जला तो नहीं, चूहे ने वायरिंग खराब तो नहीं की, प्लग और स्विच सही हैं या नहीं, इन छोटी चीजों को नजरअंदाज करना ही बड़े हादसों की वजह बनता है.

टेंपरेचर सेटिंग भी है जरूरी
हर मौसम में फ्रिज एक ही सेटिंग पर चलाना सही नहीं है. गर्मी में टेंपरेचर थोड़ा ज्यादा कूल रखें, जबकि सर्दी में कम रखें. इससे फ्रिज पर लोड कम पड़ता है और उसकी लाइफ बढ़ती है.

ज्यादा बर्फ जमना भी खतरे का संकेत
अगर आपके फ्रिज में जरूरत से ज्यादा बर्फ जम रही है और कंप्रेसर लगातार चल रहा है, तो समझ जाइए कि सर्विसिंग का समय आ गया है. एक्सपर्ट के मुताबिक साल में कम से कम 2 बार सर्विस जरूर करवानी चाहिए.

सिर्फ ठंडा पानी नहीं, सेहत भी जुड़ी है
फ्रिज सिर्फ पानी ठंडा करने के लिए नहीं, बल्कि खाने-पीने की चीजों को सुरक्षित रखने के लिए भी जरूरी है. इसलिए इसका सही इस्तेमाल और रखरखाव बहुत जरूरी है, ताकि न तो खाना खराब हो और न ही मशीन.

छोटी गलती, बड़ा नुकसान
थोड़ी सी लापरवाही आपको हजारों का नुकसान और खतरे में डाल सकती है. इसलिए समय रहते सावधानी बरतना ही समझदारी है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *