Multibagger Stocks: शेयर बाजार में किसी निवेशक को कम समय में उतना रिटर्न न मिल पाता हो, लेकिन अगर सही शेयर में दांव लगाया जाए और लंबा इंतजार किया जाए तो किस्मत बदलने में देर नहीं लगती. आज हम जिस मल्टीबैगर स्टॉक की बात कर रहे हैं, उसने निवेशकों को मालामाल कर दिया है और अब वे करोड़ों में खेल रहे हैं. यह शेयर है इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रीज, जिसकी कीमत सिर्फ पांच साल में 30 पैसे से उछलकर 25 रुपये तक पहुंच गई है.
छप्परफाड़ रिटर्न
वैश्विक और घरेलू स्तर पर बेकरी, प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स और ऑर्गेनिक-इनऑर्गेनिक खाद्य उत्पाद बनाने वाली यह कंपनी पहले इंटीग्रेटेड टेक्नोलॉजीज के नाम से जानी जाती थी. लेकिन 2023 में इसका नाम बदलकर इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रीज लिमिटेड कर दिया गया. साल 1995 में स्थापित इस कंपनी के शेयर पर अगर 2020 के भाव से नजर डालें, तो उस समय एक लाख रुपये का निवेश आज बढ़कर 8 करोड़ रुपये से ज्यादा का हो चुका होता. कंपनी ने पिछले साल 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर भी जारी किए थे.
कैसी रही परफॉर्मेंस?
इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रीज के शेयर ने 52 हफ्तों में 44.94 रुपये का हाई और 17 रुपये का लो छुआ है. वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा है. सालाना आधार पर कंपनी का राजस्व 88.29 प्रतिशत बढ़कर 249.85 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले पांच तिमाहियों में सबसे ज्यादा है. इसके अलावा, कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट भी उछलकर 25.51 करोड़ रुपये हो गया है.
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि फूड प्रोसेसिंग और ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स का ग्लोबल मार्केट आने वाले समय में तेजी से बढ़ने वाला है. ऐसे में इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रीज जैसी कंपनियों को फायदा मिलेगा. कंपनी अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को भी लगातार मजबूत कर रही है. हालांकि, छोटी कैप कंपनियों में निवेश हमेशा जोखिम भरा होता है. इसलिए एनालिस्ट्स सलाह देते हैं कि इसमें निवेश करने वाले निवेशकों को लंबी अवधि का नजरिया रखना चाहिए और पोर्टफोलियो को डाइवर्सिफाइड रखना जरूरी है.
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें. ABPLive.com की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है.)
.