Last Updated:
Diwali Vastu Tips: घर में पड़ा टूटा हुआ शीशा न सिर्फ वास्तु दोष बढ़ाता है बल्कि मानसिक तनाव और पारिवारिक क्लेश की वजह भी बनता है. इसी तरह पुराने मोबाइल, लैपटॉप या खराब इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स भी घर की सकारात्मक ऊर्जा को रोकते हैं.
सतना. दीवाली का पर्व सिर्फ दीप जलाने और मिठाइयों का स्वाद लेने तक सीमित नहीं है बल्कि इस अवसर पर घर की सफाई और सजावट का भी खास महत्व है. मान्यता है कि साफ सुथरे और सकारात्मक माहौल वाले घर में मां लक्ष्मी का वास होता है लेकिन वास्तु शास्त्र के अनुसार सफाई और सजावट के दौरान लोग कई बार ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो पूरे साल बरकत और समृद्धि की राह में बाधा बन जाती हैं. लोकल 18 को जानकारी देते हुए सतना निवासी पुरोहित पंडित संतोष मिश्रा ने बताया कि दीवाली पर अगर कुछ वास्तु नियमों का पालन कर लिया जाए, तो घर में सुख शांति और धन-धान्य की वृद्धि हो सकती है.
छत और बालकनी में न रखें कबाड़
उन्होंने आगे बताया कि त्योहार की सफाई के समय अक्सर लोग छत या बालकनी पर टूटे फूटे सामान और कबाड़ इकट्ठा कर देते हैं. वास्तु विज्ञान के अनुसार ऐसा करने से नकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश करती है. इसका सीधा असर घर की आर्थिक स्थिति और परिवार की सेहत पर पड़ सकता है, इसलिए कबाड़ या बेकार सामान को समय रहते हटा देना जरूरी है.
सफाई का सही समय भी है महत्वपूर्ण
उन्होंने बताया कि वास्तु शास्त्र में केवल सफाई ही नहीं बल्कि उसके सही समय का भी उल्लेख मिलता है. कहा गया है कि सूर्यास्त के समय और ब्रह्म मुहूर्त में झाड़ू लगाना शुभ नहीं माना जाता. मान्यता है कि इन समयों पर सफाई करने से मां लक्ष्मी की कृपा कम हो सकती है, इसलिए दीवाली की साफ-सफाई करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए.
टूटा हुआ शीशा और बेकार सामान हटाएं
पंडित संतोष मिश्रा ने बताया कि घर में पड़ा टूटा हुआ शीशा न केवल वास्तु दोष बढ़ाता है बल्कि मानसिक तनाव और पारिवारिक क्लेश का कारण भी बनता है. इसी तरह पुराने मोबाइल, लैपटॉप या खराब इलेक्ट्रॉनिक सामान भी घर की सकारात्मक ऊर्जा को रोकते हैं. विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि दीवाली पर इन वस्तुओं को घर से निकाल देना चाहिए.
लक्ष्मी कृपा के लिए साफ-सुथरा घर
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, मां लक्ष्मी सिर्फ साफ-सुथरे घर में ही निवास करती हैं. यदि घर में गंदगी और अव्यवस्था है, तो आर्थिक समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए दीवाली की तैयारी करते समय वास्तु शास्त्र के नियमों का पालन करते हुए सफाई और सजावट करें. इसी से आपके घर में सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग होगा.
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.