बांग्लादेश क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान व पूर्व सीमित ओवरों के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने बीसीबी यानी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के निदेशक की जमकर क्लास लगाई है. बीसीबी निदेश ने पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल को भारत का एंजेट कहा था, जिसपर शांतो ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. इसके अलावा बीसीबी 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश की टीम को भारत नहीं भेजने की जिद पर अड़ा है. इस मामले पर भी शांतो ने बड़ा बयान दिया है.
बांग्लादेश के टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने कहा है कि अगले महीने भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में टीम के हिस्सा लेने को लेकर बनी अनिश्चितता खिलाड़ियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है. हालांकि, फिर भी टीम हालात को ऐसे संभाल रही है जैसे ‘सब कुछ ठीक है‘.
शांतो ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के निदेशक एम. नजमुल इस्लाम पर भी निशाना साधा. उन्होंने पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को “भारत का एजेंट” बताए जाने की कड़ी आलोचना की. तमीम ने मौजूदा गतिरोध को सुलझाने के लिए संयमित और व्यावहारिक रवैये की वकालत की थी.
भारत में अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप को लेकर बांग्लादेश की भागीदारी विवादों में घिर गई है, जब बीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए आईसीसी से टीम के मैच भारत से बाहर शिफ्ट करने की मांग की.
शांतो ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, “आप अगर हमारे विश्व कप के नतीजों को देखें तो हमने कभी लगातार अच्छा क्रिकेट नहीं खेला है. पिछले साल हमने बेहतर प्रदर्शन किया था, लेकिन उससे भी अच्छे मौके थे, जिनका हम फायदा नहीं उठा सके. आप देखेंगे कि हर विश्व कप से पहले कुछ न कुछ जरूर होता है. तीन विश्व कप खेलने के अनुभव से मैं कह सकता हूं कि इसका असर पड़ता है. अब हम ऐसा दिखाते हैं जैसे हमें कुछ भी प्रभावित नहीं करता और हम पूरी तरह पेशेवर क्रिकेटर हैं. आप लोग भी समझते हैं कि यह आसान नहीं है. बेशक, अगर ये सब न हो तो बेहतर होता। यह स्थिति काफी हद तक हमारे नियंत्रण से बाहर है.“
टी20 विश्व कप की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है और बांग्लादेश को भारत में चार मैच (तीन कोलकाता में और एक मुंबई में) खेलने हैं. बांग्लादेश ने इन मुकाबलों को श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की है. बीसीबी ने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बीसीसीआई के निर्देश पर रिलीज करने के बाद यह कदम उठाया है.
.