Banana Peel Fertilizer: केले के छिलके को कूड़े में फेंकने से पहले जान लें ये 3 आसान तरीके, गमलों के पौधे बनेंगे हरे-भरे

Banana Peel Fertilizer : अक्सर हम केला खाकर उसका छिलका बिना सोचे-समझे कूड़ेदान में फेंक देते हैं. हमें लगता है कि इसका कोई खास उपयोग नहीं है, जबकि सच यह है कि यही छिलका आपके बगीचे के लिए किसी वरदान से कम नहीं. अगर आप भी घर में गमलों में पौधे लगाते हैं या छोटी सी किचन गार्डनिंग करते हैं, तो केले के छिलकों को फेंकने से पहले एक बार जरूर सोचें. इनमें पोटेशियम, मैग्नीशियम और फास्फोरस जैसे जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो पौधों की जड़ों को मजबूत बनाने, नई पत्तियां निकालने और ज्यादा फूल देने में मदद करते हैं. गार्डनिंग एक्सपर्ट अंजली सारस्वत बताती हैं कि केले के छिलकों का सही तरीके से उपयोग किया जाए तो यह महंगे केमिकल फर्टिलाइजर का अच्छा विकल्प बन सकता है.

खासकर गुलाब, गुड़हल, मनी प्लांट और सब्जियों के पौधों में इसका असर जल्दी दिखता है. फर्क सिर्फ इतना है कि इन्हें डालने का तरीका सही होना चाहिए. आप छिलकों से लिक्विड खाद बना सकते हैं, सीधे मिट्टी में दबा सकते हैं या सुखाकर पाउडर तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं तीनों तरीके विस्तार से.

1. लिक्विड फर्टिलाइजर बनाने का तरीका
अगर आप चाहते हैं कि पौधों को तुरंत पोषण मिले, तो लिक्विड फर्टिलाइजर सबसे आसान तरीका है. इसके लिए ताजे केले के छिलकों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब इन्हें कांच के जार या प्लास्टिक की बाल्टी में डालकर ऊपर से पानी भर दें. ध्यान रखें कि छिलके पूरी तरह पानी में डूबे हों.

अब इस बर्तन को ढककर किसी छायादार जगह पर तीन दिन के लिए रख दें. बीच-बीच में लकड़ी के चम्मच से इसे हल्का हिलाते रहें. तीन दिन बाद पानी का रंग गहरा भूरा हो जाएगा. इसका मतलब है कि छिलकों के पोषक तत्व पानी में मिल चुके हैं. अब इस घोल को छान लें और इसमें बराबर मात्रा में सादा पानी मिलाकर पौधों की जड़ों में डालें. हफ्ते में एक बार इसका उपयोग काफी है.

2. छिलकों को सीधे मिट्टी में दबाना
अगर आपके पास समय कम है, तो छिलकों को सीधे गमले की मिट्टी में भी डाल सकते हैं. इसके लिए छिलकों को छोटे टुकड़ों में काट लें. गमले की ऊपरी मिट्टी को थोड़ा हटाकर छिलकों को जड़ों से थोड़ी दूरी पर दबा दें और फिर मिट्टी से ढक दें. कुछ ही दिनों में ये छिलके गलकर मिट्टी में मिल जाएंगे. इससे मिट्टी नरम होती है और उसमें जैविक ताकत बढ़ती है. यह तरीका धीमा जरूर है, लेकिन लंबे समय में काफी असरदार साबित होता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. धूप में सुखाकर पाउडर बनाना
छिलकों को लंबे समय तक संभालकर रखने के लिए आप उनका पाउडर बना सकते हैं. इसके लिए केले के छिलकों को तेज धूप में अच्छी तरह सुखाएं. जब वे पूरी तरह काले और सख्त हो जाएं, तो मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. तैयार पाउडर को एयरटाइट डिब्बे में रखें. इस्तेमाल करते समय गमले की मिट्टी को हल्का सा कुरेदें और एक-दो चम्मच पाउडर डालकर फिर मिट्टी से ढक दें. पानी देने के बाद यह धीरे-धीरे मिट्टी में घुलता रहेगा और पौधों को पोषण देता रहेगा.

ध्यान रखने वाली बातें
कभी भी छिलकों को बहुत ज्यादा मात्रा में न डालें, वरना कीड़े लग सकते हैं. साथ ही, लिक्विड खाद को बिना पानी मिलाए सीधे पौधों में न डालें. संतुलित मात्रा और सही तरीका अपनाने से ही अच्छे नतीजे मिलते हैं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *