राज्य शिक्षा केंद्र, स्कूल शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश ने बुधवार को कक्षा 5वीं और 8वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष के परिणामों में बालाघाट जिले की प्रदेश रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार आया है।
.
सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक घनश्याम बर्मन ने बताया कि इस वर्ष 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षा में जिले ने प्रदेश में क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है। 5वीं कक्षा में जिला 99.30 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि 8वीं कक्षा में 98.71 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
इस वर्ष 5वीं में कुल 25,936 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 25,755 उत्तीर्ण हुए। इसी तरह, 8वीं में 24,479 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें से 24,164 सफल रहे। असफल रहे छात्र-छात्राओं को परीक्षा उत्तीर्ण करने का दूसरा अवसर प्रदान किया जाएगा।
गत वर्ष की तुलना में जिले की रैंकिंग में सुधार हुआ है। पिछले साल 5वीं में जिला तीसरे और 8वीं में पांचवें स्थान पर था। इस प्रकार, 5वीं में एक रैंक और 8वीं में दो पायदान का सुधार हुआ है। समन्वयक घनश्याम बर्मन ने इस बेहतर परिणाम का श्रेय कलेक्टर और सीईओ के मार्गदर्शन, शिक्षकों के प्रयासों और स्कूल के स्टाफ की मेहनत को दिया। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई भी दी।
जिले के किरनापुर क्षेत्र स्थित हट्टा शासकीय माध्यमिक शाला बुढ़ी की छात्रा गुंजन बिसेन ने 8वीं कक्षा में 600 में से 578 अंक (96.33 प्रतिशत) प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

हट्टा स्कूल बुढ़ी की छात्रा गुंजन बिसेन ने 8वीं में 96.33 प्रतिशत से परीक्षा उत्तीर्ण की है।


.