दमोह में हिंदूवादी संगठन बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद वैलेंटाइन डे पर निगरानी कर रहे हैं। शनिवार दोपहर बजरंग दल के कार्यकर्ता हाथों में लाठी लेकर शहर के पार्क और रेस्टोरेंट में घूमते नजर आए। हालांकि, उन्हें कहीं कोई प्रेमी जोड़ा नहीं मिला, लेकिन संगठन के सदस्य पूरे शहर में गश्त कर रहे हैं। बजरंग दल के शंभू विश्वकर्मा ने बताया कि उनका संगठन प्रेम का विरोध नहीं करता है। हालांकि, वैलेंटाइन डे की आड़ में फैलाई जाने वाली अश्लीलता का बजरंग दल विरोध करता है। विश्वकर्मा ने ‘लव जिहाद’ जैसी घटनाओं में वृद्धि पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि किसी हिंदू लड़की के साथ ‘लव जिहाद’ होता है, तो बजरंग दल उसका विरोध करने के लिए तैयार है। उन्होंने युवाओं से पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहने और ऐसा कोई कार्य न करने का आग्रह किया जिससे समाज में गलत संदेश जाए। बजरंग दल के दर्जनों कार्यकर्ता शहर की सड़कों पर लगातार गश्त कर रहे हैं। .