मोहनखेड़ा तीर्थ पर पहली बार आएंगे बागेश्वर सरकार: 2 फरवरी को होगी कथा; गायिका अनुराधा पौडवाल भी होंगी शामिल, SP ने देखीं तैयारियां – Dhar News


धार जिले के राजगढ़ स्थित मोहनखेड़ा जैन तीर्थ पर 2 फरवरी को पहली बार बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री की एक दिवसीय कथा और प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम मुंबई निवासी घमंडीराम गोवाणी और अंकीबाई घमंडीराम गोवाणी की पुण्यतिथि के अवसर पर लाभार्थी परिवार ‘कमला अंकीबाई घमंडीराम गोवाणी ट्रस्ट’ द्वारा आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। गुरुवार को धार एसपी मयंक अवस्थी ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। यह कार्यक्रम मोहनखेड़ा तीर्थ की 108 धर्मशाला के पीछे संपन्न होगा। इसके लिए बड़े पैमाने पर कथा पंडाल बनाया जा रहा है, जिसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस एक दिवसीय कथा और प्रवचन कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका अनुराधा पौडवाल भी शिरकत करेंगी। इसके अलावा, कार्यक्रम में देश और प्रदेश की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की भी संभावना है। एसपी ने हेलीपैड और पार्किंग व्यवस्था परखी गुरुवार को धार एसपी मयंक अवस्थी ने मोहनखेड़ा तीर्थ पहुंचकर आयोजन की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी ने कथा पंडाल, भोजनशाला, हेलीपैड और श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया, ताकि आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने लाभार्थी परिवार के रमेश गोवाणी से विस्तृत चर्चा की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पंडित धीरेंद्र शास्त्री के आगमन के मद्देनजर हेलीपैड पर साफ-सफाई और बैरिकेडिंग का काम भी किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद तैयारियों का जायजा लेने के दौरान एएसपी विजय डावर, पारुल बेलापुरकर, आरआई पुरुषोत्तम बिश्नोई, एसडीएम सलोनी अग्रवाल, एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार, तीर्थ के मैनेजिंग ट्रस्टी सुजानमल जैन और प्रबंधक अर्जुन प्रसाद मेहता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *