Last Updated:
5 Early Symptoms Of Brain Stroke : ब्रेन स्ट्रोक अब सिर्फ बुजुर्गों की बीमारी नहीं रह गई है. बदलती जीवनशैली, बढ़ता तनाव, जंक फूड और शारीरिक गतिविधि की कमी के कारण 30 से 40 साल की उम्र के युवाओं में भी इसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. डॉक्टरों के मुताबिक समय रहते लक्षण पहचानना और लाइफस्टाइल में सुधार करना बेहद जरूरी है.
कानपुर : अब तक ब्रेन स्ट्रोक को बुजुर्गों से जुड़ी बीमारी माना जाता था. लोगों में यह आम धारणा थी कि यह समस्या 50 या 60 वर्ष की उम्र के बाद होती है, लेकिन अब यह सोच बदल रही है. अस्पतालों में आने वाले आंकड़े बता रहे हैं कि 30 से 40 वर्ष की उम्र के युवा भी बड़ी संख्या में ब्रेन स्ट्रोक का शिकार हो रहे हैं.यह स्थिति इसलिए भी चिंताजनक है, क्योंकि यही उम्र काम करने और परिवार की जिम्मेदारी संभालने की होती है. कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के न्यूरोलॉजी विभाग में लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहां युवा मरीज अचानक लकवा, बोलने में दिक्कत या बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंच रहे हैं.
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि बदलती जीवनशैली ब्रेन स्ट्रोक के बढ़ते मामलों की सबसे बड़ी वजह है. आजकल युवाओं में तनाव काफी बढ़ गया है. देर रात तक जागना, जंक फूड का ज्यादा सेवन, शारीरिक गतिविधि की कमी और मोबाइल व लैपटॉप पर लंबे समय तक समय बिताना स्ट्रोक का खतरा बढ़ा रहा है. इसके अलावा हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मोटापा, धूम्रपान और शराब का सेवन भी युवाओं में तेजी से बढ़ रहा है. कई लोग इन समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते, जिससे आगे चलकर ब्रेन स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है.
ब्रेन स्ट्रोक के शुरुआती लक्षण
- शरीर के एक हिस्से में अचानक कमजोरी या सुन्नपन
- बोलने में परेशानी या शब्द साफ न निकलना
- अचानक चक्कर आना या बेहोशी
- आंखों से ठीक से न दिखना
- तेज सिर दर्द
ब्रेन स्ट्रोक से कैसे करें बचाव?
- रोजाना कम से कम 30 मिनट टहलें या व्यायाम करें
- नमक, तेल और जंक फूड का सेवन कम करें
- ब्लड प्रेशर और शुगर की नियमित जांच कराएं
- धूम्रपान और शराब से दूरी बनाएं
- तनाव कम करने के लिए योग और ध्यान अपनाएं
समय से पहले सचेत रहना जरूरी
डॉक्टरों का कहना है कि यदि युवा समय रहते सतर्क हो जाएं, तो ब्रेन स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचा जा सकता है. ब्रेन स्ट्रोक अब सिर्फ बुजुर्गों की बीमारी नहीं रही है. बदलती जीवनशैली के कारण युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं, इसलिए समय रहते जागरूक होना बेहद जरूरी है.
About the Author
मीडिया क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक समय से सक्रिय हूं और वर्तमान में News-18 हिंदी से जुड़ा हूं. मैने पत्रकारिता की शुरुआत 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव से की. इसके बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड चुनाव में ग्राउंड…और पढ़ें