Khandwa News: खंडवा में इन दिनों ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. शहर के मुख्य रास्तों पर हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों का निकलना तक मुश्किल हो गया है. रोजाना सैकड़ों लोग इन सड़कों से गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन की अनदेखी के चलते अब सड़कें ही बाजार में बदलती नजर आ रही हैं.जहां पहले बसें आराम से निकल जाती थीं, वहां अब बाइक निकालना भी चुनौती बन गया है.
दरअसल, शहर के बीच से गुजरने वाली मेन सड़क और मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण तेजी से बढ़ गया है. बॉम्बे बाजार से लेकर केवलराम चौराहा, इमलीपुरा, खान शाहब अली, हातमपुरा, नगर निगम के पास और शिवाजी चौक तक हर जगह सड़क पर कब्जा देखने को मिल रहा है. सड़क किनारे ही नहीं, बल्कि कई जगह तो ठेले और दुकानें सड़क के बीच में लग गए हैं, जिससे हर समय जाम जैसी स्थिति बनी रहती है.
सड़क घेर ले रहे दुकानदार
सबसे ज्यादा परेशानी गांधी प्रतिमा स्थल से लेकर जिला अस्पताल और शिवाजी चौक के आसपास देखने को मिल रही है. यहां फलों के ठेले वालों ने सड़क पर ही अपनी दुकानें जमा ली हैं. धीरे-धीरे ठेलों के साथ खाली कैरेट और सामान रखकर और ज्यादा जगह घेर ली गई है, जिससे सड़क लगभग आधी से भी कम रह गई है. ऐसे में बाइक और छोटे वाहनों को निकलने में काफी दिक्कत होती है और कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है.
इनका हो रहा नुकसान!
इसका असर आसपास के दुकानदारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है. स्थानीय निवासी शुभम पटेल बताते हैं कि उनकी मोबाइल और रिचार्ज की दुकान है, लेकिन ग्राहक उनके पास पहुंच ही नहीं पाते. अगर कोई ग्राहक वाहन लेकर आता है, तो ठेले वाले उसे रोक देते हैं या बहस करने लगते हैं. कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इससे छोटे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है.
एंबुलेंस भी फंस रही
वहीं समाजसेवी अनीता धोत्रे ने Local 18 को बताया, शहर में कार से निकलना लगभग नामुमकिन हो गया है. लोगों को मजबूरी में बाइक से ही आना-जाना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल के आसपास भी हालात बेहद खराब हैं, जहां से एंबुलेंस निकलती हैं, लेकिन जाम के कारण कई बार एंबुलेंस भी फंस जाती है, जिससे मरीजों को खतरा तक हो सकता है.
कब तक झेलनी होगी ये दिक्कत?
आगे कहा, शहर में बड़ी-बड़ी मल्टी तो बन गई हैं, लेकिन पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है. लोग सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी कर देते हैं और ऊपर से ठेले वाले भी सड़क पर कब्जा कर लेते हैं. यही वजह है कि ट्रैफिक की समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है. ऐसे में सवाल ये उठता है कि आखिर कब तक खंडवा के लोग इस परेशानी को झेलते रहेंगे और प्रशासन कब इस पर सख्त कार्रवाई करेगा, ताकि शहर की सड़कों पर फिर से व्यवस्था लौट आएगी.
.