- Hindi News
- Jeevan mantra
- Jyotish
- Saptahik Rashifal (Weekly Horoscope) | Saptahik Rashifal (23 February To 1 March 2026), Weekly Zodiac Forecast: Singh Rashi, Kanya, Aries, Taurus, Gemini Cancer Libra, And Other Signs
4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
23 फरवरी से 1 मार्च तक मेष राशि वालों को नए काम और नए एग्रीमेंटे से इनकम के योग बन रहे हैं। आर्थिक स्थिति भी पहले से ज्यादा मजबूत हो सकती है। वृष राशि वालों का रुका पैसा वापस मिलने की संभावना है।
मिथुन राशि नौकरीपेशा लोगों को काबिलियत के अनुसार नतीजे मिल सकते हैं। कर्क राशि वालों को बड़ा फायदा मिल सकता है। कन्या राशि वालों की इनकम का नया रास्ता खुल सकता है। तुला राशि वालों को निवेश की योजना से फायदा हो सकता है। इनके अलावा बाकी राशियों पर सितारों का मिलाजुला असर रहेगा।
एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा ये हफ्ता

मेष – पॉजिटिव- इस सप्ताह योग और मेडिटेशन से मन को संतुलित रखें। इससे आपकी दिनचर्या में ऊर्जा बनी रहेगी और काम समय पर पूरे होंगे। आर्थिक पक्ष पहले से ज्यादा मजबूत रहेगा और पैसे को संभालने की क्षमता बढ़ेगी। लंबे समय से चल रही कुछ चिंताएं कम होंगी और मन हल्का रहेगा। नेगेटिव- जल्दी नतीजा पाने की कोशिश में गलत रास्तों की तरफ ध्यान न जाए, वरना सम्मान पर असर पड़ सकता है। बच्चों की वजह से चिंता रह सकती है। घर के किसी बुजुर्ग सदस्य के स्वास्थ्य को लेकर भी सतर्क रहना होगा।
व्यवसाय- व्यवसाय में नए अनुबंध मिलने के योग हैं और उनसे अच्छी आमदनी हो सकती है। साथ ही काम की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर देना होगा, तभी टिकाऊ लाभ बनेगा। नौकरी में छोटी परेशानियां आ सकती हैं, लेकिन समझदारी और शांत रवैये से आप समाधान निकाल लेंगे। लव- घर का माहौल मधुर रहेगा। परिवार और मित्रों के साथ समय बिताने से तनाव कम होगा और मन खुश रहेगा। स्वास्थ्य- मनोबल बनाए रखें। ब्लड प्रेशर से जुड़ी परेशानी उभर सकती है, इसलिए नियमित जांच, नींद और दिनचर्या पर ध्यान दें। भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 8

वृष – पॉजिटिव- इस सप्ताह ग्रहों का असर आपके पक्ष में है। अटका पैसा वापस मिलने की अच्छी संभावना है। नए लोग और नए संपर्क आपके काम आएंगे, इसलिए नेटवर्क मजबूत करें। शॉपिंग और घर के कामों में भी अच्छा समय निकलेगा और मन प्रसन्न रहेगा। नेगेटिव- किसी की गलत सलाह नुकसान करा सकती है, इसलिए हर बात पर भरोसा न करें। मौका मिले तो जरूरत से ज्यादा सोचने में समय न गंवाएं, सही समय पर कदम उठाएं। खर्च बढ़ सकता है, इसलिए बजट पर नजर रखना जरूरी है।
व्यवसाय- धन से जुड़ी योजनाओं को काम में लगाने के लिए समय अच्छा है। सरकारी कामकाज में सफलता के संकेत हैं। कर्मचारियों की गतिविधियों को लेकर तनाव रह सकता है, इसलिए निगरानी रखें। सरकारी नौकरी में चल रही उलझनें धीरे धीरे सुलझेंगी। लव- पति-पत्नी के बीच घर के किसी मुद्दे पर बहस हो सकती है। प्रेम संबंधों में गलतफहमी से दूरी बढ़ सकती है, इसलिए बातचीत साफ और शांत रखें। स्वास्थ्य- प्रदूषण के कारण एलर्जी हो सकती है। भीड़ वाले स्थानों से बचें और ठंडी तासीर वाली चीजें कम रखें। भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 3

मिथुन – पॉजिटिव- इस सप्ताह काम के ज्यादा बोझ से कुछ राहत मिलेगी। अनुभवी और असरदार लोगों के साथ रहने से आपकी सोच सकारात्मक बनेगी। कई कामों में सफलता के संकेत हैं और आपकी मेहनत दिखाई देगी। नेगेटिव- तनाव के कारण कुछ निजी काम अधूरे रह सकते हैं। युवा वर्ग करियर को लेकर असंतुष्ट रहेंगे, उन्हें मेहनत और निरंतरता बढ़ानी होगी। जरूरत पड़ने पर अपनी प्राथमिकता खुद तय करें, हर किसी के लिए खुद को थकाएं नहीं।
व्यवसाय- किसी कारोबारी समस्या का हल मिल सकता है। बजट से ज्यादा निवेश करने से बचें, वरना दबाव बढ़ेगा। काम और जिम्मेदारियां ज्यादा रहेंगी, फिर भी साझेदारी से फायदा बनेगा। नौकरीपेशा लोगों को योग्यता के अनुसार परिणाम मिलने के योग हैं। लव- पति-पत्नी के बीच संबंध अच्छे रहेंगे। प्रेम संबंधों को आगे बढ़ाकर विवाह की बात चल सकती है। स्वास्थ्य- थकान का असर रहेगा। आराम के लिए समय निकालें और खानपान पर ध्यान दें। भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 2

कर्क – पॉजिटिव- इस सप्ताह आपके प्रयासों के अच्छे नतीजे मिलेंगे। बस दिल और दिमाग दोनों में संतुलन बनाए रखें। आपके अच्छे मैनेजमेंट से घर और काम दोनों में तालमेल बना रहेगा। रिश्तों में मिठास आएगी और बातों से समाधान निकलेगा। नेगेटिव- पैसों के मामले में बजट का ध्यान रखना जरूरी है। विद्यार्थियों के लिए मेहनत का समय है, मौका हाथ से न जाने दें। दूसरों के मामलों में जरूरत से ज्यादा दखल देने से मान-सम्मान पर असर पड़ सकता है।
व्यवसाय- व्यावसायिक पार्टियों और ग्राहकों से संबंध मजबूत करें, आगे चलकर यही बड़े फायदे का कारण बनेंगे। ब्यूटी प्रोडक्ट से जुड़े काम में विशेष लाभ के संकेत हैं। युवाओं को लक्ष्य हासिल करने का अनुभव बहुत अच्छा रहेगा। लव- जीवनसाथी का सहयोग आपकी चिंताएं कम करेगा। लव पार्टनर से मुलाकात मन को सुकून देगी। स्वास्थ्य- स्वास्थ्य ठीक रहेगा। पालतू जानवरों के साथ छेड़छाड़ न करें और कोई जोखिम न लें। भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 6

सिंह – पॉजिटिव- इस सप्ताह आपकी कोई योजना आगे बढ़कर पूरी हो सकती है। इससे आप सकारात्मक और ऊर्जावान महसूस करेंगे। बड़ा लाभ भले न दिखे, फिर भी आर्थिक स्थिति संभली रहेगी। सहयोगियों की मदद से काम आसानी से आगे बढ़ेंगे। नेगेटिव- घर या निजी व्यवस्था में बड़ा बदलाव फिलहाल टालना बेहतर है। किसी नजदीकी संबंधी से छोटी बात पर अनबन हो सकती है, जिससे घर का माहौल बिगड़ सकता है। संतान से जुड़ी चिंता भी रह सकती है।
व्यवसाय- पैसों को लेकर कुछ तनाव बना रह सकता है, लेकिन काम में व्यस्तता रहेगी और मेहनत के अनुसार नतीजा मिलेगा। प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों में अभी बहुत बड़े लाभ की उम्मीद न रखें। कारोबार के कारण यात्रा की योजना बन सकती है। लव- घर में शांति बनी रहेगी। प्रेम संबंधों में मिठास रहेगी और विवाह के लिए परिवार से बात करने का समय अनुकूल है। स्वास्थ्य- स्वास्थ्य ठीक रहेगा, लेकिन मानसिक दबाव बढ़ सकता है। आराम और दिनचर्या का संतुलन बनाए रखें। भाग्यशाली रंग- पिंक, भाग्यशाली अंक- 7

कन्या – पॉजिटिव- मित्रों और रिश्तेदारों से मेल-मुलाकात रहेगी। यदि संपत्ति का विवाद चल रहा है तो स्थिति आपके पक्ष में रह सकती है। आपकी मेहनत से कोई जरूरी काम पूरा होगा। धर्म और पूजा-पाठ में भी रुचि बढ़ेगी और मन को शांति मिलेगी। नेगेटिव- किसी अनजान व्यक्ति से बहस की स्थिति बन सकती है, इसलिए शब्दों पर नियंत्रण रखें। खर्च करते समय बजट नजरअंदाज न करें। घर के बुजुर्गों के सम्मान का ध्यान रखें, छोटी बात से वे दुखी हो सकते हैं।
व्यवसाय- कार्यस्थल पर काम व्यवस्थित रहेगा और दूसरे कारोबारियों के बीच आपकी पकड़ बनी रहेगी। इस सप्ताह आय का नया साधन बन सकता है। व्यवसाय का विस्तार करने के लिए समय अच्छा है, लेकिन कमीशन वाले कामों में ज्यादा पैसा न लगाएं। लव- पति-पत्नी आपसी तालमेल से घर की व्यवस्था संभालेंगे। घर में सुकून और खुशी बनी रहेगी। स्वास्थ्य- अपच और भूख कम लगने की समस्या बढ़ सकती है। खानपान समय पर रखें और लापरवाही न करें। भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 1

तुला – पॉजिटिव- यह सप्ताह शांति और सुकून के साथ बीतेगा। परिवार के साथ हंसी-मजाक और मनोरंजन से ऊर्जा बढ़ेगी। निवेश करने की योजना बनेगी और सही तरीके से कदम उठाने पर लाभ भी मिल सकता है। नेगेटिव- कुछ विरोधी आपके काम में रुकावट डालने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिलेगी। बातचीत करते समय सावधानी रखें ताकि आपकी योजना किसी तक गलत तरीके से न पहुंचे। थोड़ा समय पूजा-पाठ या ध्यान में बिताने से मन स्थिर रहेगा।
व्यवसाय- काम सामान्य रहेगा, पर किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचें। पैसे का लेनदेन बहुत सोच समझकर करें। यदि कारोबार से जुड़ी यात्रा की योजना बन रही है तो फिलहाल टालना बेहतर रहेगा। लव- पति-पत्नी के बीच मनमुटाव का असर घर की व्यवस्था पर पड़ सकता है, इसलिए बैठकर बात करें। लव पार्टनर से मुलाकात का अवसर मिलेगा। स्वास्थ्य- सिर दर्द या माइग्रेन बढ़ सकता है। मौसम और प्रदूषण से बचाव रखें। भाग्यशाली रंग- बादामी, भाग्यशाली अंक- 9

वृश्चिक – पॉजिटिव- व्यस्तता के बावजूद आप निजी कामों के लिए समय निकाल लेंगे। आपका लिया हुआ कोई महत्वपूर्ण निर्णय अच्छा साबित हो सकता है। घर के लोग सहयोग और सलाह देंगे, जिससे काम आसान होंगे। नेगेटिव- अपनी जरूरी चीजों की संभाल खुद करें। हकीकत को समझकर कदम उठाएं। किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा नुकसान दे सकता है। कोशिश करें कि अपने काम खुद निपटाएं और जिम्मेदारी दूसरों पर न डालें।
व्यवसाय- स्थिति सामान्य रहेगी। मेहनत ज्यादा और लाभ कम जैसा अनुभव हो सकता है, इसलिए काम की प्राथमिकता तय करें। पब्लिक डीलिंग से जुड़े काम पर ध्यान बढ़ाएं। नया काम शुरू करने से पहले अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेना जरूरी होगा। लव- पति-पत्नी के बीच तालमेल बना रहेगा तो प्यार और समझ बढ़ेगी। बेकार के प्रेम संबंधों में समय न गंवाएं। स्वास्थ्य- शरीर और मन को आराम देने वाली गतिविधियों में समय दें। मौसम से बचाव रखें। भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 4

धनु – पॉजिटिव- इस सप्ताह धैर्य और शांति से चलेंगे तो उलझनें आसानी से सुलझेंगी। यदि कोई कानूनी प्रक्रिया चल रही है तो किसी अधिकारी की मदद से हल निकलने की संभावना है। मित्रों से मुलाकात और बातचीत से मन को सुकून मिलेगा। नई जानकारी भी मिलेगी जो आगे काम आएगी। नेगेटिव- दूसरों के निजी मामलों से दूर रहें, वरना विवाद बढ़ सकता है। किसी नजदीकी संबंधी की आर्थिक मदद से आपका बजट तंग हो सकता है। यात्रा करना समय और पैसे का नुकसान बन सकता है।
व्यवसाय- हर कारोबारी काम नियम और कानून के दायरे में रखें। विशेष अनुबंध मिल सकते हैं, लेकिन प्रतिस्पर्धा भी रहेगी। ऑफिस में अपने अधीन कर्मचारियों के साथ नरम और समझदारी वाला व्यवहार रखें। लव- परिवार के साथ सहयोगात्मक व्यवहार से रिश्ते मधुर होंगे। विपरीत लिंगी से ज्यादा मेल-मुलाकात आपकी छवि पर असर डाल सकती है। स्वास्थ्य- तनाव और थकान कार्यक्षमता घटा सकती है। योग और व्यायाम नियमित रखें। भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 5

मकर – पॉजिटिव- वरिष्ठ और अनुभवी लोगों का मार्गदर्शन इस सप्ताह बहुत काम आएगा। पुराने मतभेद समय रहते सुलझा लेंगे तो बड़ी परेशानी टल जाएगी। प्रोफेशनल स्टडी के लिए प्रयासरत विद्यार्थियों को सफलता के अच्छे योग हैं। नेगेटिव- गलत सलाह आपके लक्ष्य से भटका सकती है, इसलिए खुद पर भरोसा रखें। हर बात में दूसरों से मदद की उम्मीद न करें। बच्चों के साथ समय जरूर बिताएं, इससे घर का माहौल भी बेहतर रहेगा।
व्यवसाय- व्यवसाय में खुद को साबित करने के लिए मेहनत और संघर्ष बढ़ेगा। आप गंभीरता से समस्याओं का हल निकाल लेंगे। सरकारी नौकरी में किसी प्रोजेक्ट को लेकर परेशानी रह सकती है, इसलिए कागजी काम और समय सीमा पर ध्यान दें। लव- घर में तालमेल और अनुशासन बना रहेगा। प्रेम संबंधों में एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान जरूरी है। स्वास्थ्य- गले का इंफेक्शन हो सकता है। इसे हल्के में न लें और समय पर इलाज कराएं। भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 8

कुंभ – पॉजिटिव- इस सप्ताह का अधिकतर समय राहत वाला रहेगा। ऊर्जा बढ़ेगी और काम में गति आएगी। किसी सार्वजनिक जगह पर समस्या सुलझाने में आपका योगदान हो सकता है। किसी नजदीकी संबंधी के यहां जाने का निमंत्रण भी मिल सकता है। नेगेटिव- आलस को हावी न होने दें। सही समय पर सही निर्णय जरूरी है। पुरानी जायदाद से जुड़ी समस्या फिर उठ सकती है। नजदीकी रिश्तों में स्वार्थ दिख सकता है, इसलिए बातों को समझदारी से संभालें। बच्चों की गतिविधियों पर भी नजर रखें।
व्यवसाय- कार्यभार बढ़ेगा, लेकिन मेहनत के अनुरूप नतीजा आने में थोड़ा समय लगेगा। पब्लिक डीलिंग, ग्लैमर, कंप्यूटर जैसे क्षेत्रों में लाभ की स्थिति बनी रहेगी। ऑफिस में उच्च अधिकारियों से बहस से बचें। लव- पति-पत्नी एक-दूसरे का सम्मान बनाए रखें। किसी तीसरे व्यक्ति की वजह से गलतफहमी हो सकती है, इसलिए बात साफ रखें। स्वास्थ्य- सर्दी और प्रदूषण से त्वचा में एलर्जी हो सकती है। बचाव रखें और साफ-सफाई पर ध्यान दें। भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 2

मीन – पॉजिटिव- इस सप्ताह सफलता के लिए स्वभाव में परिपक्वता लानी होगी। नई जानकारियां और अवसर मिल सकते हैं, उन्हें समय पर पकड़ें। परिवार के साथ किसी मनोरंजन स्थल पर जाने का कार्यक्रम बन सकता है। मित्रों से मिलना भी होगा, जिससे मन खुश रहेगा। नेगेटिव- अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखें। मनचाहा काम न बनने पर आप असहज हो सकते हैं, लेकिन धैर्य जरूरी है। क्रोध के कारण बनते काम बिगड़ सकते हैं, इसलिए समय के अनुसार व्यवहार में बदलाव लाएं।
व्यवसाय- नए काम शुरू करने की योजना बनेगी और वह लाभदायक रह सकती है। पूरी लगन के साथ प्रयास करें। इंपोर्ट-एक्सपोर्ट से जुड़े काम में नौकरीपेशा लोगों को ऑफिसियल टूर पर जाना पड़ सकता है। लव- जीवनसाथी के स्वास्थ्य को लेकर चिंता रह सकती है। फिर भी परिवार की व्यवस्था संभालने में आपका योगदान बना रहेगा। स्वास्थ्य- तनाव और थकान का असर स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। क्षमता से ज्यादा काम न करें और आराम जरूर लें। भाग्यशाली रंग- ऑरेंज, भाग्यशाली अंक- 6
.
