Last Updated:
मेक्सिको और अल सल्वाडोर की नौसेनाओं ने प्रशांत महासागर में 10 टन से ज्यादा कोकीन जब्त करने का दावा किया है. कार्रवाई अमेरिकी खुफिया जानकारी के आधार पर की गई. अल सल्वाडोर ने 6.6 टन की ऐतिहासिक जब्ती की, जबकि मेक्सिको ने चार टन बरामद किए. ड्रग्स तस्करी रोकने को लेकर अमेरिका का दबाव बढ़ा है.
मेक्सिको सिटी: अल सल्वाडोर और मेक्सिको की नौसेनाओं ने इस हफ्ते प्रशांत महासागर में 10 टन से ज्यादा कोकीन जब्त करने का दावा किया है. यह कार्रवाई ऐसे वक्त हुई है जब अमेरिकी सरकार ने लातिन अमेरिकी जलक्षेत्र में मादक पदार्थ ले जाने के शक में नौकाओं पर घातक हमले किए हैं, जिसमें इस हफ्ते 11 लोगों की मौत हुई है. कोकीन जब्त करने की घोषणा गुरुवार को मेक्सिको की तरफ से की गई. इसमें बताया गया कि मंजानिलो बंदरगाह से करीब 250 समुद्री मील (463 किलोमीटर) दक्षिण में एक नौका से लगभग चार टन संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त कर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया.
ड्रग्स तस्करी कैसे रोक सके?
मेक्सिको के सुरक्षा मंत्री ओमार गार्सिया हारफुच ने ‘एक्स’ पर कहा कि तीन मोटर वाली इस नौका से बरामदगी के साथ इस हफ्ते की कुल जब्ती लगभग 10 टन हो गई है. बाकी बरामदगी का विवरण नहीं दिया गया. मेक्सिको के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई ‘यूएस नॉर्दर्न कमांड’ और ‘यूएस जॉइंट इंटरएजेंसी टास्क फोर्स साउथ’ से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर की गई. रविवार को अल सल्वाडोर की नौसेना ने देश के इतिहास में सबसे बड़ी 6.6 टन कोकीन जब्ती की घोषणा की थी. नौसेना ने तंजानिया में पंजीकृत 180 फुट लंबी एक नौका को तट से 380 मील (611 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में रोका. गोताखोरों को नौका में छुपाए गए 330 पैकेट कोकीन मिले. इस कार्रवाई में कोलंबिया, निकारागुआ, पनामा और इक्वाडोर के 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया.
अमेरिका ने भी बनाया था दबाव
गुरुवार को अल सल्वाडोर के अधिकारियों ने जब्त पोत ‘FMS ईगल’ को ला यूनियन बंदरगाह पर मीडिया के लिए दिखाया, जहां डेक पर 200 से ज्यादा पैकेट रखे गए थे. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने पिछले साल मेक्सिको पर मादक पदार्थों की जब्ती बढ़ाने का दबाव डाला था. मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने अपने पूर्ववर्ती की तुलना में मादक पदार्थ गिरोहों के खिलाफ ज्यादा आक्रामक रुख अपनाया है, जिसमें दर्जनों तस्करी आरोपियों को अभियोजन के लिए अमेरिका भेजना शामिल है. हालांकि, शीनबाम ने कैरेबियाई सागर और प्रशांत महासागर में संदिग्ध नौकाओं के खिलाफ अमेरिकी सैन्य हमलों पर असहमति भी जताई है. पिछले सितंबर से अमेरिका की ओर से तथाकथित ‘नार्को-आतंकवादियों’ को निशाना बनाए जाने के बाद से ऐसे हमलों में कम से कम 145 लोगों की मौत हो चुकी है.
About the Author
योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें
.