उदयपुर के अरुण बने इंटरनेशनल रैपिड शतरंज चैंपियन: उज्जैन में आयोजित प्रतियोगिता में 8.5 अंक से जीता खिताब – Ujjain News


उदयपुर के फिडे मास्टर अरुण कटारिया ने उज्जैन में आयोजित फर्स्ट रायसोनी मेमोरियल इंटरनेशनल फिडे रेटिंग रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया है। उन्होंने 8.5 अंक हासिल कर यह उपलब्धि अपने नाम की। दो दिवसीय यह प्रतियोगिता उज्जैन के कान्हा परिसर, इंदौर रोड पर संपन्न हुई। इसमें देशभर के दिग्गज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 129 रेटेड खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में अनरेटेड खिलाड़ी भी शामिल थे। टूर्नामेंट के दूसरे दिन सुबह 10 बजे से शुरू हुए मुकाबले नौवें और अंतिम राउंड तक रोमांचक उतार-चढ़ाव के साथ चले। अंततः अरूण कटारिया ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। नागपुर के जय सवालखे 8 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि भोपाल के मितांश दीक्षित ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में खंडवा के वैभव तोमर चौथे स्थान पर रहे। शीर्ष 10 खिलाड़ियों में बिहार के मोहित कुमार सोनी, इंदौर के अजय विरवानी, भोपाल के अश्विन डेनियल, कटनी के प्रखर बजाज, ग्वालियर के रूपेश कांत और रतलाम के मृदुहास त्रिपाठी शामिल थे। 5 से 80 साल तक के खिलाड़ी हुए शामिल इस प्रतियोगिता की एक खास बात यह रही कि इसमें 5 साल से लेकर 80 साल तक के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिससे इसकी विविधता और बढ़ गई। ग्रैंड मास्टर हिमांशु शर्मा, फिडे मास्टर अरूण कटारिया और अभिषेक दास सहित कई कैंडिडेट मास्टर खिलाड़ियों की मौजूदगी ने टूर्नामेंट के स्तर को और ऊंचा किया। विजेताओं को क्रमशः 31 हजार, 25 हजार और 20 हजार रुपये के नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न श्रेणियों में 50 से अधिक खिलाड़ियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। विभिन्न श्रेणियों में दिए पुरस्कार इस आयोजन को अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (एआईसीएफ), भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) और एमपी चैस एडहॉक कमेटी के मार्गदर्शन में उज्जयिनी जिला शतरंज संघ द्वारा संपन्न कराया गया। उज्जयिनी जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष संदीप कुलश्रेष्ठ ने बताया कि अनरेटेड प्लेयर्स, बेस्ट प्लेयर अबाउ 19, सीनियर बेस्ट प्लेयर, बेस्ट उज्जैन प्लेयर, बेस्ट अंडर 19 ब्वायस् एंड गर्ल्स, बेस्ट अंडर 15 ब्वायस् एंड गर्ल्स, बेस्ट अंडर 13 ब्वायस् एंड गर्ल्स, बेस्ट अंडर 11 ब्वायस् एंड गर्ल्स, बेस्ट अंडर 09 ब्वायस् एंड गर्ल्स, बेस्ट अंडर 7 ब्वायज एंड गर्ल्स जैसी विभिन्न श्रेणियों में भी पुरस्कार दिए गए। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *