Last Updated:
Teeth Whitening Remedies: दांतों की सफाई सिर्फ टूथपेस्ट पर निर्भर नहीं रहती. कुछ प्राकृतिक चीजें हैं, जो सही तरीके से इस्तेमाल की जाएं तो दांतों की चमक वापस आ सकती है. बस ओवरयूज से बचें और दांतों को धीरे-धीरे साफ करें. डेंटिस्ट से जानें ये तरीका. (रिपोर्ट: सावन पाटिल/खंडवा)
ज्यादातर लोग सुबह उठते ही सबसे पहले टूथब्रश और टूथपेस्ट लेकर दांत साफ करने लगते हैं. लेकिन, कई बार ऐसा होता है कि रोज ब्रश करने के बाद भी दांतों में पीलापन, दाग-धब्बे, बदबू, टार्टर या पीली परत बनी रहती है. असल वजह यह है कि टूथपेस्ट दांतों की सिर्फ ऊपर गंदगी हटाता है. चमक अंदर से तब आती है, जब सफाई किसी ऐसी चीज से की जाए, जिसमें नैचुरल मिनरल, कैल्शियम और सफाई करने वाले तत्व मौजूद हों.

इसीलिए कई डेंटल एक्सपर्ट अब प्राकृतिक चीज़ों को हफ्ते में कुछ बार इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं. इसी तरह खंडवा के डेंटल एक्सपर्ट डॉ. दिनेश गुर्जर बताते हैं कि हमारे घर में ही एक ऐसा नुस्खा मौजूद है, जो अगर सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो दांतों का पीलापन 7–10 दिन में काफी हद तक कम होने लगता है.

डॉक्टर गुर्जर बताते हैं कि हमारी रसोई में मिलने वाला बेकिंग सोडा और नींबू का मिश्रण दांतों की सफाई के लिए बहुत असरदार माना जाता है, लेकिन सीधे नींबू लगाने की गलती बिल्कुल नहीं करनी चाहिए. नींबू एसिडिक होता है और सीधे लगाने से एनामेल को नुकसान हो सकता है. इसलिए इसका एक हल्का और सुरक्षित तरीका है, जिसे वह अपने मरीजों को बताते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

1 चुटकी बेकिंग सोडा, 1 चम्मच नारियल तेल, 2–3 बूंद नींबू का रस (वैकल्पिक). एक छोटी कटोरी में नारियल तेल लें. इसमें सिर्फ एक चुटकी बेकिंग सोडा मिलाएं. चाहें तो 2–3 बूंद नींबू की मिला सकते हैं, लेकिन अनिवार्य नहीं है. अब अपनी उंगली या नरम ब्रश से इस मिश्रण को दांतों पर हल्के हाथ से रगड़ें. 40–50 सेकंड तक मसाज करने के बाद पानी से कुल्ला कर लें. डॉक्टर के अनुसार यह नुस्खा हफ्ते में 2–3 बार ही करें. हर दिन करना दांतों के लिए सही नहीं होता.

नारियल तेल दांतों की सतह पर जमी चिपचिपी परत हटाता है और मुंह की बदबू को कम करता है. बेकिंग सोडा हल्का सा क्षारीय होने के कारण दांतों की सतह की पीली परत को धीरे-धीरे हटाता है. नींबू की 2–3 बूंदें मिश्रण को हल्का-सा एक्टिव करती हैं, जिससे दांत साफ और चमकदार दिखते हैं. डॉक्टर दिनेश गुर्जर बताते हैं कि यह तरीका दांतों को नुकसान नहीं पहुंचाता, बशर्ते इसे सप्ताह में अधिक बार न किया जाए और ज्यादा देर तक रगड़ा न जाए.

दांतों में sensitivity, मसूड़ों से खून या दर्द हो तो नुस्खा न अपनाएं. बेकिंग सोडा की मात्रा हमेशा कम रखें. नींबू सीधे दांतों पर न लगाएं. सामान्य टूथपेस्ट से रोज 2 बार ब्रश करना जरूरी है. हफ्ते में 2–3 दिन ही यह तरीका काफी है.