Last Updated:
Lizard Remedies: गर्मी बढ़ते ही घरों में छिपकलियों की समस्या आम हो जाती है, खासकर किचन और बाथरूम में. खाने की जगहों पर इनकी मौजूदगी से गंदगी और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है. इन्हें दूर रखने के लिए कुछ घरेलू उपाय कारगर माने जाते हैं. अंडे के छिलके, कपूर, प्याज-लहसुन का स्प्रे, काली मिर्च का घोल और कपूर-डिटॉल स्प्रे जैसी चीजें अपनी तेज गंध के कारण छिपकलियों को दूर रख सकती हैं. इन उपायों का नियमित उपयोग करने से घर में उनकी आवाजाही कम की जा सकती है.
गर्मी का मौसम आते ही घरों में मकड़ियां, कॉकरोच और छिपकलियां नजर आने लगती है. खासकर किचन, स्टोर रूम और बाथरूम जैसी जगहों पर इनकी मौजूदगी ज्यादा रहती है. छिपकलियां जब खाने की जगहों या किचन स्लैब पर घूमती हैं तो गंदगी फैला सकती हैं, जिससे इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है. कई लोग इन्हें भगाने के लिए तरह-तरह के उपाय करते हैं, लेकिन ये दीवारों और कोनों में छिपकर फिर से वापस आ जाती हैं.
छिपकलियों की सूंघने की शक्ति काफी तेज होती है और उन्हें अंडे की गंध बिल्कुल पसंद नहीं आती. ऐसे में अंडे के खाली छिलकों का इस्तेमाल कर उन्हें घर से दूर रखा जा सकता है. छिलकों को घर के कोनों, खिड़कियों, दरवाजों के पास और किचन स्लैब के आसपास रख दें. अंडे की गंध से छिपकलियां उन जगहों पर आने से बचती हैं. ध्यान रखें कि छिलकों को हर 2 से 3 दिन में बदलते रहें, ताकि उनकी गंध बनी रहे और असर लगातार बना रहे.
कपूर की तेज गंध छिपकलियों को दूर भगाने में प्रभावी मानी जाती है. इसकी महक उन्हें असहज करती है, जिससे वे उस जगह के आसपास नहीं भटकतीं. आप सिंक के नीचे, अलमारी के ऊपर, स्टोर रूम, ड्रेसिंग टेबल या घर के उन कोनों में कपूर की गोलियां रख सकते हैं, जहां से छिपकलियों के आने की संभावना रहती है. बेहतर असर के लिए कपूर को हल्का कूटकर भी रखा जा सकता है, इससे उसकी खुशबू तेजी से फैलती है और लंबे समय तक प्रभाव बनाए रखने में मदद मिलती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
प्याज और लहसुन में सल्फर की मात्रा होती है, जिसकी तेज गंध छिपकलियों को सहन नहीं होती. इससे उन्हें दूर रखने के लिए घर पर स्प्रे तैयार किया जा सकता है. एक प्याज और 4 से 5 लहसुन की कलियां पीसकर उनका रस निकाल लें और इसे स्प्रे बोतल में भर लें. जिन जगहों पर छिपकलियां ज्यादा दिखाई देती हैं, वहां इस मिश्रण का छिड़काव करें. हफ्ते में 2 से 3 बार नियमित उपयोग करने से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं और छिपकलियों की आवाजाही कम हो सकती है.
काली मिर्च की तीखी गंध छिपकलियों को दूर रखने में मददगार मानी जाती है. इसका घोल तैयार करने के लिए एक गिलास पानी में 1 चम्मच काली मिर्च पाउडर मिलाएं और अच्छी तरह हिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें. इस मिश्रण का छिड़काव दीवारों के कोनों, खिड़कियों के पास और किचन एरिया में करें, जहां छिपकलियां अधिक नजर आती हैं. नियमित रूप से कुछ दिनों तक इस्तेमाल करने पर उनकी आवाजाही कम हो सकती है और घर में फर्क साफ दिखाई देने लगता है.
कपूर और डिटॉल से बना स्प्रे छिपकलियों को दूर रखने का असरदार उपाय माना जाता है. इसके लिए 3 से 4 कपूर की गोलियां कूटकर पाउडर बना लें. फिर उसमें 1 ढक्कन डिटॉल और 3 से 4 ढक्कन पानी मिलाकर अच्छे से मिक्स करें. तैयार घोल को स्प्रे बोतल में भर लें. जिन जगहों पर छिपकलियां ज्यादा आती हैं, वहां इसका छिड़काव करें. कपूर और डिटॉल की तेज गंध उन्हें असहज करती है, जिससे वे उन स्थानों से दूर रहने लगती हैं.
.