Last Updated:
काफी लोगों को ठंड के दिनों में हमेशा सिरदर्द होता है. यह हल्का और बहुत तेज भी हो सकता है, लेकिन आपको बार-बार ऐसा हो तो इसे इग्नोर नहीं करना चाहिए. ये किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है. यदि आपको ठंड के मौसम में अक्सर सिरदर्द होता है, तो इसके लक्षणों को पहचानकर चेकअप कराएं और यहां बताए देसी तरीके से आराम भी पाएं.
सर्दी का मौसम शुरू होते ही माहौल में ठंडक आ जाती है. ये मौसम कई लोगों को पसंद आता है, लेकिन कुछ लोगों के लिए ये सेहत से जुड़ी परेशानियां भी लेकर आता है. सर्दियों में जुकाम-खांसी के अलावा सबसे आम समस्या सिर दर्द है. ठंडी हवा के संपर्क में आने या अचानक तापमान गिरने से कई लोगों को पूरे दिन सिर भारी लगता है या बहुत तेज दर्द होता है. डॉक्टरों के मुताबिक, इस परेशानी को नजरअंदाज करने की बजाय इसके कारण समझकर सावधानी रखना जरूरी है.

ठंडी हवा का सीधा असर: जब ठंडी हवा सीधे कान या सिर पर लगती है तो रक्तवाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं, जिससे सिर दर्द हो सकता है. इसलिए जब भी घर से बाहर जाएं तो सिर्फ शरीर ही नहीं, सिर और कान भी गर्म कपड़ों से ढकें. मफलर या टोपी का इस्तेमाल ठंडी हवा को अंदर जाने से रोकेगा.

पानी की कमी: सर्दी में प्यास कम लगती है, इसलिए लोग कम पानी पीते हैं. शरीर में पानी कम होने से दिमाग तक ऑक्सीजन का प्रवाह कम हो जाता है और सिर दर्द होने लगता है. इसलिए चाहे प्यास न लगे, लेकिन दिन में थोड़ी-थोड़ी देर में गुनगुना पानी पीते रहें. आप हर्बल टी या सूप भी अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं, जो शरीर को हाइड्रेटेड रखेगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सूरज की रोशनी की कमी: बादल या धुंध के कारण सूरज की रोशनी कम मिलती है, जिससे शरीर में सेरोटोनिन और मेलाटोनिन हार्मोन का संतुलन बिगड़ जाता है.

साइनस की समस्या: ठंड में नाक बंद होना या साइनस में सूजन आने से माथे पर भारी दबाव महसूस होता है.

सर्दियों में मैग्नीशियम और ओमेगा-3 फैटी एसिड वाला खाना खाना चाहिए. सुबह थोड़ी देर हल्की धूप में बैठने से विटामिन-D मिलेगा, जो सिर दर्द में राहत देता है.

ठंड के दिनों में दिन छोटे और रातें लंबी होती हैं. शरीर की आंतरिक घड़ी को सही रखने के लिए 7-8 घंटे की गहरी नींद लेना जरूरी है. अनियमित नींद माइग्रेन को बढ़ा सकती है.

अगर आपको सिरदर्द शुरू हो जाए, तो दवा लेने से पहले कुछ घरेलू उपाय आजमाने चाहिए. अदरक वाली चाय पिएं क्योंकि अदरक में सूजन कम करने वाले गुण होते हैं जो ब्लड वेसल्स की सूजन को कम करते हैं. अगर साइनस की वजह से दर्द है, तो गर्म पानी की भाप लेने से नाक की नलियां खुल जाएंगी और आराम मिलेगा. और हल्के गर्म तेल से सिर की मालिश करने से ब्लड सर्कुलेशन अच्छा होता है.

अगर सिरदर्द लगातार रहता है, उल्टी जैसा महसूस होता है, आंखों के सामने अंधेरा आता है या बुखार आता है, तो इसे घरेलू उपायों से ठीक करने की कोशिश न करें. ये किसी गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्या या हाई ब्लड प्रेशर का संकेत हो सकता है. ऐसे मामलों में विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह लेना सही है.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
.