Almond Milk Recipe: आजकल लोगों में फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर जागरूकता काफी बढ़ गई है. पहले जहाँ दूध का मतलब सिर्फ गाय या भैंस का दूध होता था, वहीं अब प्लांट बेस्ड मिल्क की डिमांड तेजी से बढ़ रही है. खासकर जो लोग वीगन डाइट फॉलो करते हैं या जिन्हें डेयरी प्रोडक्ट्स से एलर्जी होती है, उनके लिए बादाम मिल्क एक बेहतरीन विकल्प बन चुका है. बादाम मिल्क न सिर्फ टेस्टी होता है, बल्कि सेहत के लिए भी जबरदस्त फायदेमंद है. इसमें मौजूद विटामिन E, कैल्शियम और हेल्दी फैट्स शरीर को एनर्जी देते हैं और स्किन को ग्लोइंग बनाते हैं. वहीं दिल की सेहत के लिए भी ये काफी अच्छा माना जाता है. अगर आप वीगन हैं या फिर अपने डाइट में कुछ नया और हेल्दी शामिल करना चाहते हैं, तो मार्केट से महंगा बादाम मिल्क खरीदने की जगह इसे घर पर ही बना सकते हैं. घर का बना बादाम मिल्क पूरी तरह नेचुरल, फ्रेश और बिना प्रिजर्वेटिव वाला होता है. साथ ही इसका टेस्ट भी काफी रिच और स्मूद होता है. चलिए जानते हैं कि बादाम मिल्क घर पर कैसे बनाया जा सकता है और इसे लंबे समय तक फ्रेश रखने के क्या तरीके हैं.
बादाम दूध बनाने के लिए ज़रूरी सामग्री
-बादाम – 1 कप (रातभर भिगोया हुआ)
-पानी – 3 कप
-वनीला एसेंस या खजूर – फ्लेवर के लिए (आप्शनल)
-मलमल का कपड़ा या फाइन छलनी – छानने के लिए
बादाम मिल्क बनाने का आसान तरीका
1. बादाम भिगोना:
सबसे पहले बादाम को 4 से 6 घंटे या रातभर के लिए पानी में भिगो दें. इससे बादाम मुलायम हो जाते हैं और ग्राइंड करने में आसानी होती है.
2. छिलका उतारना:
अब भिगोए हुए बादाम को पानी से निकालें और छिलके उतार दें. छिलके निकालने से मिल्क का टेक्सचर ज्यादा स्मूद बनता है.
3. ब्लेंड करना:
अब मिक्सर या ब्लेंडर में बादाम और तीन कप पानी डालें, अगर आप मीठा या फ्लेवर चाहते हैं तो इसमें 1-2 खजूर या थोड़ा सा वनीला एसेंस डाल सकते हैं. फिर इसे हाई स्पीड पर तब तक चलाएं जब तक पेस्ट क्रीमी और फाइन न बन जाए.
4. दूध छानना:
अब इस मिश्रण को एक बड़े बाउल में मलमल के कपड़े से छान लें. कपड़े को धीरे-धीरे निचोड़ें ताकि सारा दूध अलग हो जाए.
5. स्टोरेज:
तैयार बादाम मिल्क को किसी कांच की बोतल में भरकर फ्रिज में रख दें. इसे 3 से 4 दिन तक आराम से स्टोर किया जा सकता है.
बादाम मिल्क के फायदे
1. यह लैक्टोज फ्री होता है, यानी जिन लोगों को डेयरी मिल्क से पेट दर्द, गैस या एलर्जी होती है, उनके लिए ये परफेक्ट है.
2. इसमें कोलेस्ट्रॉल नहीं होता, जिससे दिल की सेहत बेहतर रहती है.
3. विटामिन E स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाता है.
4. वजन कम करने वालों के लिए ये एक बढ़िया लो-कैलोरी ड्रिंक है.
5. गर्मियों में ठंडा बादाम मिल्क पीने से एनर्जी और हाइड्रेशन दोनों मिलता है.
टिप्स
1. अगर आप गाढ़ा दूध चाहते हैं तो पानी की मात्रा कम रखें.
2. छने हुए बादाम पल्प को फेंके नहीं, उसे स्मूदी, परांठा या कुकीज़ में इस्तेमाल कर सकते हैं.
3. फ्लेवर के लिए दालचीनी पाउडर या शहद भी मिला सकते हैं (अगर आप वीगन नहीं हैं).
.