रिपोर्ट-रामाकांत दुबे/भोपाल
दिल्ली के एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न प्रदर्शन किया था. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की थी. इसके बाद बीजेपी की तरफ से कांग्रेस पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया गया. अब मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को जवाब देने के लिए बीजेपी के कार्यकर्ता जिले-जिले में प्रदर्शन कर रहे हैं, जहां उनकी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से झड़प हुई है. इसके बाद दोनों दलों ने एक-दूसरे के ऊपर शिकायतें दर्ज करवाई हैं.
बीजेपी की शिकायत पर कांग्रेस नेताओं पर शिकायत दर्ज
इंदौर में कांग्रेस कार्यालय पर हुए पथराव के बाद भाजपा जनता युवा मोर्चा की शिकायत पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल, पार्षद सादिक खान और अन्य कार्यकर्तओं के खिलाफ दंगा बलवा और अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है.
कांग्रेस के बाद बीजेपी ने भी दर्ज करवाई शिकायत
बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर भी घायल कार्यकर्ताओं के साथ शिकायत दर्ज कराने हबीबगंज थाने पहुंचे है. उनके साथ बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा भी मौजूद रहे. आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर पथराव किया. चोटिल श्याम टेलर भी कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे.
भोपाल में कांग्रेस ने दर्ज करवाई शिकायत
भोपाल में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया. इसके बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने हबीबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई. भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की तत्काल गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की मांग की. इसके अलावा उन्होंने बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर लाठी, डंडे, पत्थर लेकर कांग्रेस कार्यालय में घुसने और तोड़फोड़ का आरोप भी लगाया.
जबलपुर में पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछार
जबलपुर में भी भाजपा और उसके सहयोगी संगठन कांग्रेस कार्यालय के सामने राहुल गांधी का पुतला दहन करने पहुंचे. इस दौरान कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने हो गए. फिर दोनों की पुलिस से जमकर झड़प भी हुई. भीड़ को तितर बितर करने पुलिस ने पानी की बौछार छोड़ी.
रायपुर में भी भाजयुमो ने किया कांग्रेस कार्यालय का घेराव
दिल्ली ‘एआई समिट’ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अभद्र और अमर्यादित प्रदर्शन के विरोध में भाजयुमो के सैकड़ों कार्यकर्ताओं का कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया. भगत सिंह चौक से राजीव गांधी भवन तक पैदल मार्च कर प्रदर्शन किया गया. इस दौरान प्रदेशभर से राजधानी भाजयुमो के कार्यकर्ता राजधानी रायपुर पहुंचे. भाजपा युवा मोर्चा की तरफ से आरोप लगाया कि कांग्रेस देश को बदनाम करने की साजिश कर रही.
आगर-मालवा में भी आमने-सामने बीजेपी और कांग्रेस
मध्य प्रदेश के आगर मालवा के कांग्रेस कार्यालय के सामने राहुल गांधी का पुतला फूंकने पहुंचे बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाकर हटा डाले. इसके बाद जमकर नारेबाजी हुई. स्थिति नियंत्रण करने के लिए पुलिस ने वाटर केनन से भीड़ को हटाया. नारेबाजी के बीच बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया. एसडीएम सीएसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा.
उज्जैन में भी हुआ विवाद
उज्जैन बीजेपी के द्वारा आज कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया गया. कल भारत मंडपम के AI समिट में हुए विवाद के बाद कांग्रेस कार्यालय का घेराव करते हुए भाजपा ने राहुल गांधी का पुतला फूंका, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने का प्रयास किया गया. लेकिन उनका प्रयास असफल रहा. पुलिस ने पुतला जलते नहीं दिया और छीन कर ले गई.
भोपाल में BJP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर चले लाठी डंडे
भोपाल में बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव किया. प्रदर्शन के दौरान पथराव हुआ और कई कार्यकर्ताओं को चोट भी आई. विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता भी भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी डंडे लेकर टूट पड़े. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकर्ता लाठी डंडे तलवार लेकर आए थे. कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन पर भी उठाए. कांग्रेस की तरफ से कहा गया है कि यह कैसी व्यवस्था है, जो बैरिकेडिंग तोड़कर एक पार्टी के कार्यालय तक दूसरी पार्टी के कार्यकर्ता पहुंच गए. क्या यह सब कुछ पूरी प्लांट किया गया था. प्रदर्शन के दौरान भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचे और गेट पर चढ़ गए.
मंदसौर में BJP कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंका
मंदसौर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करके कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया है. इसके अलावा सोनिया गांधी और राहुल गांधी के पोस्टर पर कालिख पोती गई. विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी हुई.
कांग्रेस का रेल रोको आंन्दोलन असफल
अनूपपुर जिला कांग्रेस कमेटी का रेल रोको आंदोलन असफल रहा. पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को के नेतृत्व में वेंकटनगर मे रेल रोको आंदोलन का ऐलान किया गया था, लेकिन रेलवे स्टेशन पहुंचने के पहले ही पुलिस ने बेरीकेट लगाकर रास्ते मे ही प्रदर्शनकारियों को रोक लिया. कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोरोना काल से बंद पड़ी ट्रेनो के ठहराव हेतु प्रदर्शन का ऐलान किया था.
इंदौर में बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने की पत्थरबाजी
इंदौर में गांधी भवन में कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. इसके बाद जमकर पत्थरबाजी हुई. जवाब में पुलिस ने हालात काबू करने की पूरी कोशिश की. इसके बाद वाटर कैनन चलाई. पत्रकार सहित कई लोग घायल हो गए हैं. पुलिस ने भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को मच्छी बाजार चौराहे पर रोक लिया. इधर कांग्रेस कार्यकर्ता जमा हो गए. पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं को दूर से ही रोका.
पूर्व विधायक भी हुए घायल
इस दौरान भारी हंगामा हुआ और दोनों तरफ से पत्थर भी चले. कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गए. इस दौरान खूब नारेबाजी भी हुई और कार्यकर्ता एक-दूसरे को धक्का मारते हुए दिखाई दिए. पूर्व विधायक और कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष कांग्रेस विपिन वानखेड़े घायल हो गए.
.