मध्य प्रदेश में चुनाव आयोग द्वारा स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. मध्य प्रदेश में 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुए इस अभियान में चार महीनों में अलग-अलग चरणों में व्यापक कार्यवाही के बाद आखिरकार अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई है. मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित दावे की आपत्तियां 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त की गईं. इसके बाद 14 फरवरी तक निर्वाचन अधिकारियों द्वारा उनकी जांच करके समाधान किया गया.
पुनरीक्षण से पहले प्रदेश में दर्ज थे इतने मतदाता
मध्य प्रदेश में पुनरीक्षण से पहले कुल 5,74,06,143 मतदाता दर्ज थे. प्रारूप सूची जारी होने के बाद यह संख्या घट गई और कुल 5,31,31,983 मतदाता रह गए. इनका पूरी तरह से डिजिटलीकरण किया गया है. बाद में दावे की आपत्ति के बाद अंतिम सूची में कुल 5,39,81,065 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए.
34 लाख से ज्यादा वोटर्स के नाम कटे
इस तरह से प्रारूप सूची के बाद 8,49,082 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि (Net Addition) दर्ज की गई. कुल मिलाकर 17 नवंबर से अब तक की कार्यवाही में करीब 34,25,078 के नाम सूची से हटाए गए.
चुनाव आयोग की प्रेस रिलीज में बताया गया है कि BLO द्वारा लगातार घर-घर जाकर संपर्क किया गया, जिसमें दिव्यांग, पता बदलने वाले और दो स्थान पर पंजीकृत वोटर्स की पहचान की गई. पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए 55 जिला निवार्चन अधिकारी, 230 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, 533 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, 71,930 बीएलओ, अनेक वालंटियर्स की अहम भागीदारी रही.
इस तरह से मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं नाम
अगर किसी का नाम अंतिम मतदाता सूची में नहीं है, तो प्रपत्र संख्या 6 भरकर आवश्यक घोषणा एवं दस्तावेजों सहित ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन आवेदन किया जा सकता है. वहीं मतदाता सूची में कोई त्रुटि है, तो प्रपत्र संख्या 8 भर सकते हैं.
मध्य प्रदेश के वोटर्स किस तरह चेक कर सकते हैं मतदाता सूची में अपना नाम:
- वेबसाइट: https://ceoelection.mp.gov.in
- वोटर पोर्टल: voters.eci.gov.in
- ECINET ऐप
- संबंधित बीएलओ से
- जिला निर्वाचन अधिकारी/ ERO/AERO कार्यालय से
.